Ludhiana Gas Leak : पंजाब के लुधियाना में हाल ही में दर्दनाक हादसा हुआ था। यह घटना जहरीली गैस के रिसाव के कारण घटित हुई। जिसमें बिहार के गया जिले के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। इसमें दंपती समेत उनके तीन बच्चे शामिल थे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने हादसे पर दुख प्रकट किया और मृतक के परिवार को दो-दो लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने का भी ऐलान किया। वहीं, इस हादसे के बाद अब चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) की भी प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें वे बिहार में लोगों के पलायन की बात कहकर नीतीश कुमार (Nitish Kumar) तंज कसते नजर आ रहे हैं। बता दें कि प्रशांत किशोर इन दिनों बिहार में रहकर 'जनसुराज यात्रा (Jansuraj Yatra)' निकाल रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने लुधियाना गैस कांड पर प्रतिक्रिया दी है। (सांकेतिक फोटो)
हादसे पर क्या बोले प्रशांत किशोर
लुधियाना में जहरीली गैस के रिसाव से हुए हादसे पर प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने गहरा दुख जताया। वे बोले कि जहां कहीं भी दुर्घटना हो, उसमें आहत होने वालों में बिहार के लोगों का होना लगभग तय है। इस हादसे प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने गरीबी और बेराजगारी को बिहार से पलायन की ठोस वजह बताया। प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने ये भी कहा कि बिहार की जनता परिवार के भरण-पोषण के लिए देश भर में कठिन परिस्थितियों में काम करने और रहने के लिए मजबूर हैं।
जहरीली गैस के रिसाव में गई जान
पंजाब में लुधियाना स्थित गियासपुरा में सीवर से जहरीली गैस निकलने के बाद तीन बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई। लुधियाना में रविवार तड़के गैस रिसाव का पता उस वक्त चला जब लोगों ने गैस की गंध महसूस की। उसके असर वे बेहोश भी होने लगे। बताया गया कि उस गैस में हाइड्रोजन सल्फाइड का स्तर काफी ज्यादा मात्रा में था। इस पूरी घटना में पांच लोग बिहार के रहने वाले थे जो कि एक ही परिवार के थे। बिहार के कविलाश यादव पेशे से डॉक्टर थे और पत्नी अनुला, बेटी कल्पना, पुत्र आर्यन और अभय नारायण के साथ लुधियाना में 20 सालों से रह रहे थे। जैसे हर उनकी मौत की खबर गांव पहुंची तो स्वजन पंजाब के लिए रवाना हो गए।
प्रशांत किशोर ने किया ट्वीट
प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने ट्विटर पर घटना के बारे में दुख प्रकट करते हुए लिखा कि, 'दुर्घटना कहीं हो, उसमें आहत होने वालों में बिहार के लोगों का होना लगभग तय है। ये दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यहाँ की ग़रीबी, बेरोज़गारी और उसके वजह से होने वाले पलायन के कारण है। लोग अपने परिवार के भरण पोषण के लिए पूरे देश में कठिन परिस्थितियों में काम करने और रहने के लिए मजबूर हैं।'
