बिहार की राजधानी पटना और झारखंड में देवघर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की चाह लंबे समय से लोगों के बीच में है। अब यह कनेक्टिविटी जल्द ही मिलने की उम्मीद है। सुल्तानगंज से देवघर तक 290 करोड़ रुपये की लागत से एक रेल लाइन बिछाने की योजना है, जो बांका होते हुए जाएगी।
नई रेल लाइन से जुड़ेंगे पटना और देवघर
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार देवघर होते हुए भागलपुर तक बनने वाली यह रेल लाइन कुल 78.08 किलोमीटर लंबी होगी। बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पिछले दिन इस परियोजना को लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात भी की थी। इस मुलाकात के दौरान सम्राट चौधरी ने रेल मंत्री से इस रेलवे लाइन को जल्द चालू करने का आग्रह किया था।
इस नई रेल लाइन के बन जाने से देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही क्षेत्र के आम लोगों को भी बड़ी सहूलियत होगी। हालांकि, रिपोर्ट में मालदा डिवीजन के अधिकारियों के अनुसार यह भी बताया गया है कि अभी रेलवे लाइन को लेकर कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट से क्लियरेंस नहीं मिला है, इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने के बाद भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बांका क्षेत्र के श्रद्धालुओं और आम लोगों का देवघर आना-जाना आसान हो जाएगा।
पटना और बिहार के अलग-अलग हिस्सों से हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। ट्रेन से यह सफर करने वाले श्रद्धालुओं को अभी जसीडीह स्टेशन पर उतरना पड़ता है और यहां से सड़क मार्ग के जरिए बाकी का रास्ता तय करना पड़ता है। मेन लाइन की ट्रेनों में काफी ज्यादा भीड़ होती है, जिसके कारण श्रद्धालुओं को सफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस नई रेल लाइन के बन जाने के बाद पटना से देवघर की ओर नई ट्रेनें चलने से उन्हें सहूलियत होगी।
