पटना

चैती छठ को लेकर पटना में बदली गई यातायात व्यवस्था, जानिए किन रास्तों पर नहीं चलेंगे वाहन

चैती छठ को ध्यान में रखते हुए यातायात विभाग ने पटना में ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है। सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से शहर 60 पॉइंट्स पर 125 ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी को लगाया गया है। कल यानी 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे और 4 अप्रैल को रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक कुछ रास्तों को बंद रखा जाएगा।

Image

चैती छठ के मद्देनजर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था

Photo : Twitter

चैत्र माह के विशेष त्योहार चैती छठ पर श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात विभाग ने कुछ ट्रैफिक रूट में बदलाव किए हैं। कल यानी गुरुवार, 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक पटना की ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। 4 अप्रैल रात 12 बजे से लेकर सुबह आठ बजे के बीच रास्ते बंद रखे जाएंगे।

व्रतियों के लिए तय रहेंगी पार्किंग

शहर के अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से दीदारगंज तक आम वाहन नहीं चलेंगे। जेपी गंगा पथ और अटल पथ पर भी गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, 3 और 4 अप्रैल को लागू रहने वाले इस डायवर्जन में छठ व्रतियों की गाड़ियों को जाने की अनुमति रहेगी। घाटों के पास व्रतियों की गाड़ियों को खड़ा करने के लिए 13 पार्किंग की जगहें तय की गई हैं।

अशोक राजपथ के सभी एंट्री पॉइंट्स रहेंगे बंद

3 अप्रैल दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 4 अप्रैल को आधी रात से सुबह 8 बजे तक कारगिल चौक से पूरब दीदारगंज तक आम गाड़ियां नहीं चलेंगी। अशोक राजपथ के सभी एंट्री पॉइंट्स बंद रखे जाएंगे। कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक व्रतियों के वाहनों पर रोक नहीं रहेगी। व्रतियों के पार्किंग के लिए खजांची रोड से पटना कॉलेज परिसर, साइंस कॉलेज परिसर में व्यवस्था की गई है।

गायघाट की तरफ जाने वाले वाहन पुरानी बाईपास अथवा न्यू बाईपास से सीधे धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर या बिस्कोमान गोलम्बर से गायघाट की ओर पार्किंग में जा सकेंगे।

जेपी गंगा पथ पर बदलेगा रूट

जेपी गंगा पथ पर भारी गाड़ियों की एंट्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। जेपी सेतु से पटना की ओर गंगा पथ पर गाड़ियां नहीं चलेंगी। यहां पार्किंग की भी अनुमति नहीं रहेगी। जेपी सेतु पूर्वी घाट गेट नंबर-93 और 92 जाने वाली गाड़ियों की पार्किंग रेलवे ब्रिज के पूरब होगी।

अटल पथ पर भी बदला रहेगा ट्रैफिक

अटल पथ पर जेपी सेतु से सोनपुर की ओर सामान्य गाड़ियों का आवागमन बंद रहेगा। दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की तरफ वाहनों के लिए रास्ता बंद रहेगा। इस दौरान सभी गाड़ियां रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए जा सकेंगी। दीघा अशोक राजपथ से जेपी सेतु के नीचे श्रद्धालुओं के वाहनों को पाटली पथ उत्तरी छोर के पास पार्क कराया जाएगा।

सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन रहेगा तैयार

ट्रैफिक SP अपराजित लोहान ने यह जानकारी दी है कि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए शहर के 60 पॉइंट्स पर 125 ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी को लगाया जाएगा। साथ ही 300 से अधिक पुलिसकर्मी को भी देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 6 क्रेन की भी तैनाती की जाएगी, जो रोड पर खड़े वाहनों को किनारे करेंगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article