पटना

पटना से बाबा धाम जाना होगा आसान, देवघर से सीधी कनेक्टिविटी देगी ये नई रेलवे लाइन

पटना और बाबा धाम देवघर के बीच नई रेल लाइन बिछाए जाने की योजना है। इस नई रेल लाइन के बिछ जाने से दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की है।

Image

नई रेल लाइन से जुड़ेंगे पटना और देवघर

Photo : Times Now Digital

बिहार की राजधानी पटना और झारखंड में देवघर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की चाह लंबे समय से लोगों के बीच में है। अब यह कनेक्टिविटी जल्द ही मिलने की उम्मीद है। सुल्तानगंज से देवघर तक 290 करोड़ रुपये की लागत से एक रेल लाइन बिछाने की योजना है, जो बांका होते हुए जाएगी।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार देवघर होते हुए भागलपुर तक बनने वाली यह रेल लाइन कुल 78.08 किलोमीटर लंबी होगी। बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पिछले दिन इस परियोजना को लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात भी की थी। इस मुलाकात के दौरान सम्राट चौधरी ने रेल मंत्री से इस रेलवे लाइन को जल्द चालू करने का आग्रह किया था।

इस नई रेल लाइन के बन जाने से देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही क्षेत्र के आम लोगों को भी बड़ी सहूलियत होगी। हालांकि, रिपोर्ट में मालदा डिवीजन के अधिकारियों के अनुसार यह भी बताया गया है कि अभी रेलवे लाइन को लेकर कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट से क्लियरेंस नहीं मिला है, इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने के बाद भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बांका क्षेत्र के श्रद्धालुओं और आम लोगों का देवघर आना-जाना आसान हो जाएगा।

पटना और बिहार के अलग-अलग हिस्सों से हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। ट्रेन से यह सफर करने वाले श्रद्धालुओं को अभी जसीडीह स्टेशन पर उतरना पड़ता है और यहां से सड़क मार्ग के जरिए बाकी का रास्ता तय करना पड़ता है। मेन लाइन की ट्रेनों में काफी ज्यादा भीड़ होती है, जिसके कारण श्रद्धालुओं को सफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस नई रेल लाइन के बन जाने के बाद पटना से देवघर की ओर नई ट्रेनें चलने से उन्हें सहूलियत होगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article