Patna Road Accident: बिहार की राजधानी पटना में आज तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक कार ने कई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान कार ने सड़क पर चल रहे कुछ लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 7 लोगों घायल हुए हैं जिनमें से 5 लोगों की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
वीर चंद पटेल पथ पर हुआ हादसा
यह हादसा पटना के वीर चंद पटेल पथ पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आर ब्लॉक की ओर से आ रही थी। तभी टर्निंग के पास एक बाइक सवार को टक्कर मारी। जिसेक बाद रिक्शा पर बैठे चालकों और पैदल जा रहे लोगों को रौंद डाला। इस एक्सीडेंट के बाद कार का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। लेकिन कार में कई महिलाएं बैठी हुई थीं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।
स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान चंदेश्वर पासवान, नाथो दास, विनय हेंब्रम, बटोरन साहनी, मोहम्मद इदरीस, जितेंद्र कुमार और राजेश कुमार गुप्त के रूप में हुई है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने गांधी मैदान ट्रैफिक थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
