Patna Metro Ticket Fare: बिहार में पहली मेट्रो की सौगात राजधानी पटना को मिलने वाली है। पटना में जल्द ही मेट्रो रफ्तार भरने वाली है। इसके शुरू होने से लोगों को सस्ते और सुविधाजनक सफर का लाभ उठाने का मौका मिलेगा। पटना में मेट्रो की शुरुआत अगस्त से होगी। 15 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी पटना मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इस मेट्रो ट्रेन का पहला कोच महाराष्ट्र से अगले महीने पटना आएगा। वहीं बेंगलुरु में दूसरी मेट्रो का निर्माण किया जा रहा है। आइए जानते हैं कि पटना मेट्रो में टिकट का किराया कितना होगा?
तीन कोच की होगी पहली मेट्रो
पटना में पहली मेट्रो की शुरुआत मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल के बीच होगी। इस लाइन पर तीन कोच वाली मेट्रो दौड़ने के लिए तैयार है। इस मेट्रो में एक बार में 150 लोग बैठकर सफर कर सकेंगे। हालांकि जरुरत के अनुसार ट्रेन के कोच की संख्या 8 तक बढ़ाई जा सकती है। पटना मेट्रो का किराया 10 से 60 रुपये तक रहेगा। यह किराया दूरी पर निर्भर होगा। किराया तय करने के लिए कम दूरी पर ज्यादा किराया और लंबे सफर पर कम किराए का फॉर्मूला लगेगा। हालांकि अभी अंतिम दर तय नहीं की गई है। जल्द ही फेयर फिक्सेशन कमेटी की सिफारिश के आधार पर सरकार मेट्रो का फाइनल किराया तय करेगी।
पहले फेज में 26 मेट्रो स्टेशन बनेंगे
पटना मेट्रो के इस मेगा प्रोजेक्ट को लगभग 19,500 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। जिसमें दो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत कुल 34.39 किमी में मेट्रो चलेगी। जिसमें ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर की लंबाई 16.94 किमी और नॉर्थ-साउथ की लंबाई 14.45 किमी होगी। प्रोजेक्ट के पहले फेज के तहत 26 मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 13 स्टेशन अंडरग्राउंड बनाए जा रहे हैं, वहीं 13 स्टेशन एलिवेडट होंगे। जिनमें से 6 स्टेशनों पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम दौर में चल रहा है।
दिल्ली मेट्रो जैसी मिलेंगी सुविधाएं
पटना मेट्रो में दिल्ली मेट्रो जैसी ही सुविधाएं मिलेंगी। इसे यात्रियों की सुविधा के लिए हाईटेक बनाया जा रहा है। मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा के मुताबिक दिल्ली मेट्रो की तरह ही पटना मेट्रो के लिए टिकट बुकिंग और रूट देखने जैसी सुविधाएं मोबाइल ऐप पर मिलेंगी। पटना मेट्रो के कोच में भी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सभी कोच में एयर कंडीशनिंग होगी, इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, चार्जिंग पॉइंट्स और वाई-फाई जैसी सुविधाएं रहेंगी। वहीं मेट्रो स्टेशन पर फूड कोर्ट, पार्किग एरिया और शॉपिंग एरिया की सुविधा रहेगी।
