Patna Crime: बिहार की राजधानी में सुबह-सुबह दिल दहलाने वाली वारदात हुई, जहां बेखौफ अपराधियों ने पटना पुलिस को खुली चुनौती देते हुए पटना नगर निगम के वार्ड पार्षद सुचित्रा सिन्हा के पति पूर्व मुखिया नीलेश यादव को दिनदहाड़े गोली मार दी। मिली जानकारी के अनुसार नीलेश यादव को 4 गोलियां लगी हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पटना में अपराधियों ने पार्षद पति नीलेश यादव को गोली मारी। (तस्वीर- Freepik)
अपराधियों ने नीलेश यादव को घर के पास घेर लिया
यह घटना उस वक्त की है, जब नीलेश यादव अपने आवास के पास खड़े थे। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बारे में बताया कि चार पहिया वाहन से आए अपराधियों ने घेर कर उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। उन्हें फौरन इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जरी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौका ए वारदात पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
अपराधियों की तलाश में जुटी पटना पुलिस
इस वारदात के बारे में दीघा थानाध्यक्ष रामप्रीत पासवान ने मीडिया से जानकारी साझा करते हुए कहा है कि 'गोली लगी है, कुर्जी अस्पताल में भर्ती हैं और इलाज चल रहा है। जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।' वारदात की खबर फैलने के बाद से राजधानी में खौफ पसर गया है और लोगों में दहशत का माहौल है। बता दें, सुचित्रा सिन्हा पटना नगर निगम के वार्ड 22 बी की वार्ड पार्षद हैं।
पिछले साल जेल गए थे नीलेश मुखिया
बता दें, पिछले साल नीलेश मुखिया शराब से जुड़े एक मामले में जेल भी गए थे। घटना के पीछे चुनावी रंजिश की वजह बताई जा रही है। कुछ दिन पहले गंगा पथ फोरलेन पर कुछ लोगों के साथ विवाद भी हुआ था। इस मामले में अपराधियों ने उन्हें जान मारने की धमकी भी दी थी। दबंग स्वभाव के नीलेश यादव उर्फ नीलेश मुखिया की अदावत स्थानीय आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से पहले भी रही है।
