Stone Pelting On Namo Bharat Express: बिहार में नमो भारत एक्सप्रेस (Namo Bharat Express) पर पथराव की एक घटना सामने आई है। यह घटना समस्तीपुर दरभंगा रेलखंड के हायाघाट स्टेशन पर हुई, जहां ट्रेन संख्या 94804 पटना जयनगर नमो भारत पर पत्थर फेंका गया। पत्थरबाजी की इस घटना से ट्रेन के शीशे टूट गए। इस मामले में हायाघाट स्टेशन मास्टर विश्वनाथ भारती के आवेदन पर आरपीएफ समस्तीपुर में मामला दर्ज कराया गया है। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
क्या है मामला
हायाघाट स्टेशन मास्टर विश्वनाथ भारती ने इस मामले में आरपीएफ समस्तीपुर में शिकायत दर्ज कराई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया के अनुसार, यह घटना रविवार की रात हुई जब नमो भारत ट्रेन हायाघाट स्टेशन पर खड़ी थी। इस दौरान एक यात्री ने ट्रेन के दरवाजे को खटखटाया। चूंकि इस ट्रेन के सभी दरवाजे ऑटोमेटिक हैं और ट्रेन का ठहराव इस स्टेशन पर नहीं था, इस वजह से दरवाजा नहीं खुला। इससे गुस्से में आकर अज्ञात यात्री ने कोच के शीशे पर पत्थर मार दिया, जिससे कांच पर दो जगह पर दरार आ गई।
हमलावरों की पहचान की जा रही है
घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार और श्याम सुंदर कुमार सहित अन्य कर्मियों ने हायाघाट पहुंचकर मामले की जांच की। हालांकि, इस घटना में किसी यात्री को कोई क्षति नहीं पहुंची। आरपीएफ मामले की जांच कर रही है। स्टेशन पर लगे कैमरों के माध्यम से हमलावरों की पहचान की जा रही है।
