Pakistani Citizens Visas Cancelled: पटना में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को उनके मुल्क वापस भेजने की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में ठहरे 27 पाकिस्तानियों का वीजा रद्द कर दिया गया है। इन पाकिस्तानी नागरिकों को तय समय में पटना की विदेश शाखा से अपने देश पाकिस्तान वापस जाने के लिए कहा गया है। इस समय सीमा के बाद भी अगर वे यहां रुकते हैं, तो उन्हें घुसपैठिया मानकर गिरफ्तार किया जाएगा।
सांकेतिक फोटो
वीजा एक्सटेंशन पर पटना में रुके 27 पाकिस्तानी
पटना जिला पुलिस की विदेश शाखा ने पाकिस्तान के 27 नागरिकों का पता स्थानीय थानों को दे दिया है। ये सभी लोग एक्सटेंशन वीजा पर पटना में रुके हुए हैं। जिनमें से सबसे अधिक लोग सब्जीबाग, फुलवारीशरीफ और समनपुरा इलाके में अपने रिश्तेदारों के घर पर हैं। ये सभी पाकिस्तानी नागरिक 3 से 7 दिनों के वीजा पर बिहार के पटना जिले में आए थे। जिसके बाद ये लोग वीजा एक्सटेंशन पर भारत में रह रहे थे। वीजा की अवधि बढ़वाने के लिए इनमें से किसी ने रिश्तेदार की शादी का हवाला दिया तो किसी ने तबीयत खराब होने की बात कही।
पहलगाम आतंकी हमले के कारण वीजा रद्द
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंवादियों ने टूरिस्टों पर हमला किया। जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। इस आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द करने का फैसला किया। इन लोगों को अपने मुल्क वापसी के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है।
