Jaynagar-Patna Namo Bharat Rapid Rail: बिहार के अंदर यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचाने के लिए हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन को चलाया गया है। जयनगर और पटना के बीच शुरू हुई नमो भारत रैपिड रेल गुरुवार को समस्तीपुर पहुंची। इस दौरान ट्रेन में फुल एसी ट्रेन सफर कर रहे यात्रियों ने खुशी जताई और नमो भारत रैपिड रेल की व्यवस्थाओं को लेकर तारीफ भी की। इस ट्रेन के चलने से रूट पर पड़ने वाले स्टेशनों से लोगों का सफर काफी सुगम होगा। खास बात यह है कि लोकल ट्रेन की स्पीड अधिक होने के कारण लोग कम समय में अपने गंतव्य पहुंच सकेंगे। इससे उनका काफी समय बचेगा। आइये जानते हैं इस ट्रेन के स्टॉपेज कहां हैं और यह कितनी स्पीड से दौड़ती है?
जयनगर-पटना नमो भारत की स्पीड
यात्री शुभम कर्ण ने कहा कि मैं जयनगर से पटना के लिए सफर कर रहा हूं। अब जयनगर से पटना का सफर पांच घंटों के अंदर ही पूरा हो पाएगा। मैं ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से अपील करूंगा कि ट्रेन में साफ-सफाई का ख्याल रखें। मुझे पता चला है कि इस ट्रेन की अधिकतम स्पीड 110 किमी प्रति घंटा है, जिससे हमारा सफर और भी सुहाना हो पाएगा। एक अन्य यात्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल समस्तीपुर के लिए बड़ी सौगात है। बिहार की यह पहली नमो भारत 267 किलोमीटर की दूरी महज 5 घंटे में पूरी करेगी।

जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड रेल
जयनगर-पटना नमो भारत की टाइमिंग
जयनगर-पटना नमो भारत 25 अप्रैल से नियमित रूप से चलेगी। गाड़ी संख्या 94803 जयनगर से सुबह 5 बजे खुलकर 5 बजकर 28 मिनट पर मधुबनी, 5 बजकर 43 मिनट पर सकरी, 6 बजकर 15 मिनट पर दरभंगा, 7 बजकर 25 मिनट पर समस्तीपुर, 8 बजकर 45 मिनट पर बरौनी, 9 बजकर 24 मिनट पर मोकामा, 9 बजकर 41 मिनट पर बाढ़ से होते हुए 10 बजकर 30 मिनट पर पटना पहुंचेगी।
पटना-जयनगर नमो भारत के स्टॉपेज
- पटना
- बाढ़
- मोकामा
- बरौनी
- समस्तीपुर
- दरभंगा
- सकरी
- मधुबनी
- जयनगर
4 ट्रेनों की मिली सौगात
इसके अलावा आज बिहार के सहरसा और मुंबई के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस, जयनगर और पटना के बीच नमो भारत रैपिड रेल और पिपरा और सहरसा तथा सहरसा और समस्तीपुर के बीच ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हालांकि, किराये के विषय में अभी कोई पुख्ता डिटेल्स सामने नहीं आई है।
पटना-जयनगर नमो भारत की खासियत क्या है?
पटना-जयनगर नमो भारत आधुनिक तरीके से डिजाइन की गई है। यह ऑटोमेटिक दरवाजों से लैस है। इसमें पैसेंजर टॉप बैक सिस्टम, आधुनिक इंटीरियर, मोबाइल लैपटॉप चॉर्जर सॉकेट, फायरप्रूफ सीटें एंव फ्लोर, रूट मैप इंडिकेटर, एफआरपी मॉड्यूल शौचालय और पूरी ट्रेन वातानुकूलित है। ट्रेन में बैठने के साथ यात्रियों के खड़े होने की पर्याप्त जगह है।
