पटना

जमीन से ऊपर गाड़ियां भरेंगी रफ्तार, खुलने वाला है 11 KM लंबा एलिवेटेड रोड; सीधे पहुंचेंगे पटना से गया

Mithapur Sipara Mahuli Punpun Elevated Road:पटना से दक्षिण बिहार के बीच की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए मीठापुर-सिपारा-महुली-पुनपुन एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इससे पटना से गया जाना बेहद आसान होगा। इस फोरलेन एलिवेटेड मार्ग का निर्माण दो चरणों में 1467.72 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।

Image

पटना-गया सड़क मार्ग

Mithapur Sipara Mahuli Punpun Elevated Road: बिहार में सड़क यात्रा सुगम बनाने के लिए कई परियोजनाएं चल रही हैं। कई एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट के बाद अब पटना शहर में एलिवेटेड रोड बनाकर जाम से छुटाकारा दिलाने का प्रयास है। पटना से गया की दूरी अब घंटों की नहीं बल्कि मिनटों में सिमटने वाली है। फिलहाल, पुनपुन जाने के लिए लोगों को जाम और खराब सड़क होने की वजह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर, बारिश के दिनों में तो हालत बेहद खराब हो जाती है, लेकिन सिपारा से महुली होते हुए पुनपुन तक एलिवेटेड और फोरलेन का निर्माण हो जाने से काफी हद तक सहूलियत मिलेगी। जाम से तो मुक्ति मिलेगी ही साथ ही चमचमाती सड़क से पुनपुन पहुंचना बेहद आसान हो जायेगा।

मीठापुर-सिपारा-महुली-पुनपुन एलिवेटेड रोड की लागत

उम्मीद की जा रही है कि मई महीने में सिपारा से महुली के बीच 6.67 किमी लंबे एलिवेटेड की सौगात आम लोगों को मिल जायेगी। फिलहाल, इस सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। अब बस फिनिशिंग का काम जारी है। जानकारी के मुताबिक, मीठापुर-सिपारा-महुली-पुनपुन तक एलिवेटेड और फोरलेन का निर्माण दो चरणों में 1467.72 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। इसकी लंबाई 11.67 किमी है। पहले चरण में सिपारा से महुली के बीच 6.67 किमी लंबे एलिवेटेड सड़क का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया। इसकी शुरुआत मीठापुर स्थित पुराना बस स्टैंड के समीप भूपतिपुर से हो रही है।

इसके लिए सिपारा स्थित पुल तक जाने के लिए 600 मीटर का एप्रोच रोड बनाया गया है। सिपारा से लोग अपनी गाड़ियों को एलिवेटेड सड़क पर चढ़ाएंगे और फिर महुली तक जाएंगे। इसकी सौगात मई में मिलने की संभावना है। दूसरे चरण में मुहली से पुनपुन तक निर्माण दूसरे चरण में महुली से पुनपुन तक 2.392 किमी लंबे फोरलेन और सिपारा से मीठापुर के बीच 2.10 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड का निर्माण हो रहा है। इसमें सिपारा से मीठापुर के बीच बनने वाले एलिवेटेड को छोड़कर सभी मार्ग मई में चालू हो जाएंगे। सिपारा से मीठापुर के बीच डिजाइन में भी बदलाव होने वाली है साथ ही अभी इसका काम बाकी है। उम्मीद लगाई जा रही है कि इस साल के आखिरी तक काम पूरा हो पायेगा।

दरअसल, अनीसाबाद मोड़ से गुरुद्वारा मोड़ के बीच यानी बाईपास पर छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर प्रस्तावित है। एलिवेटेड को एनएच-30 के ऊपर से मीठापुर पुल में जोड़ना था। एक ही जगह दो से तीन एलिवेटेड होने की वजह से डिजाइन में बदलाव किया जायेगा। अब नए डिजाइन के अनुसार सिपारा-मीठापुर एलिवेटेड के निर्माण को 63 मीटर लंबे स्टील स्ट्रक्चर या ठोस कंक्रीट का स्पेन लगेगा।

पटना से दक्षिण बिहार के बढ़ेगी कनेक्टिविटी मीठापुर-सिपारा-महुली-पुनपुन के बन जाने के बाद पटना से पुनपुन होते हुए गया जाना बेहद आसान हो जायेगा। घंटो की दूरी अब मिनटों में तय होगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article