पटना

BJP की जीत के बाद कौन बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री? चिराग पासवान ने खोला राज

Bihar Assembly Elections: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को दावा किया कि साल के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग की जीत के बाद जद(यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार ''फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि यदि निशांत राजनीति में आना चाहते हैं तो मैं इसका स्वागत करूंगा।

Image

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (फोटो साभार: @NitishKumar)

Photo : Twitter

Bihar Assembly Elections: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को दावा किया कि साल के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जीत के बाद जद(यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार ''फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।''

पासवान ने कहा कि वह कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने का स्वागत करेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के इस दावे की आलोचना की कि उन्हें (निशांत को राजनीति में आने से) रोकने के लिए साजिश रची जा रही है।

चिराग पासवान ने क्या कुछ कहा?

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख पासवान ने कहा, ''यदि निशांत राजनीति में आना चाहते हैं तो मैं इसका स्वागत करूंगा, लेकिन यह उनका व्यक्तिगत फैसला होगा। जहां तक तेजस्वी यादव का सवाल है, उन्हें यह समझना चाहिए कि विधानसभा में विपक्ष का नेता होने के नाते उन्हें जिम्मेदारी के साथ बोलना चाहिए।''

उन्होंने कहा कि यदि तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के बेटे के खिलाफ साजिश का इतना यकीन है, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने के बजाय नीतीश कुमार से मिलना चाहिए और जो भी जानकारी उनके पास है, उसे साझा करना चाहिए।

हाजीपुर के सांसद ने 74 साल के हो चुके कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि राजग उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ने और जीतने के लिए उत्सुक है। चुनाव के बाद वह मुख्यमंत्री के रूप में वापस आएंगे। पासवान से यह भी पूछा गया कि यादव ने बिहार में 20 साल पुराने राजग शासन की तुलना एक पुरानी खटारा कार से की है जिसे बदलने की जरूरत है और राजद ने आरोप लगाया है कि राज्य में हाल में शामिल किए गए कुछ मंत्रियों का आपराधिक इतिहास रहा है।

पासवान ने कहा कि उन्हें याद रखना चाहिए कि यदि वे दूसरों पर एक उंगली उठाएंगे तो खुद उनकी ओर तीन उंगलियां होंगी। यदि वे पिछले 20 सालों के बारे में बात करना शुरू करेंगे, तो लोगों को बिहार में उनके 15 साल के शासन को याद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जब राज्य अराजकता के लिए कुख्यात हो गया था। और उन्हें कभी भी आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में शिकायत नहीं करनी चाहिए। क्या उन्हें हाल ही में तलब नहीं किया गया है?

उनका इशारा हाल में दिल्ली की एक अदालत द्वारा यादव के पिता एवं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद, बड़े भाई तेज प्रताप यादव और बहन हेमा को जारी निर्देश की ओर था, जिसमें उन्हें नौकरी के बदले जमीन घोटाले के सिलसिले में पेश होने को कहा गया है।

पासवान ने यह भी दावा किया कि राजद और उसकी पुरानी सहयोगी कांग्रेस के बीच चीजें सुचारू नहीं रहने वाली हैं, जो अब तक क्षेत्रीय पार्टी के सामने झुकती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा हाल में बिहार के लिए नियुक्त प्रभारी ने इसके संकेत दे दिए हैं। बिहार के लिए कांग्रेस प्रभारी कृष्ण अल्लावरु ने पिछले कुछ सप्ताह में दो बार राज्य का दौरा किया है और संगठन में नयी जान फूंकने और गुटबाजी को समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article