पटना

बांका में बिहार के पहले 'स्मार्ट विलेज' का नीतीश ने किया उद्घाटन, 362 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

नीतीश कुमार रविवार को बांका के दौरे पर थे, जहां उन्होंने कई योजनाओं की सौगात दी। नीतीश कुमार अपनी प्रगति यात्रा के दौरान बांका में थे, यहां उन्होंने रजौन प्रखंड के बाबरचक में बने राज्य के पहले 'स्मार्ट विलेज' का भी उद्घाटन किया।

Image

बिहार के सीएम नीतीश कुमार (फोटो- JDU)

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को 'प्रगति यात्रा' के तहत बांका जिला पहुंचे। उन्होंने यहां 362 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रजौन प्रखंड के बाबरचक में बने राज्य के पहले 'स्मार्ट विलेज' का भी उद्घाटन किया। उन्होंने स्मार्ट विलेज की आवास व्यवस्था को भी देखा। यहां बने ग्रामीण हाट परिसर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से लगाए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल का भी उन्होंने निरीक्षण किया और महिलाओं से बातचीत की।

छात्रों से नीतीश कुमार ने की मुलाकात

इसके बाद वह स्मार्ट विलेज में बने खेल मैदान पहुंचे, जहां मंदार महोत्सव में विजेता टीम के खिलाड़ियों से औपचारिक मुलाकात की। मुख्यमंत्री इस दौरान स्मार्ट विलेज में बने नवसृजित विद्यालय पहुंचे और वहां के छात्रों से मुलाकात की। जल, जीवन, हरियाली के तहत बनाए गए तालाब का भी उन्होंने अवलोकन किया और वहां पौधारोपण किया।

आवासों की भी किया निरीक्षण

नीतीश कुमार ने यहां बने आवासों का भी निरीक्षण किया और वहां रह रहे कई परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस क्रम में उन्होंने कई घोषणाएं भी की। उन्होंने बताया कि बांका में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने निर्माण के लिए चिह्नित भूमि को भी देखा।

सड़क का चौड़ीकरण

मुख्यमंत्री ने बांका-अमरपुर राज्य उच्च पथ-25 के चौड़ीकरण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे भागलपुर और बांका के बीच बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होगा और लाखों कांवड़िया श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से दर्दमारा बॉर्डर तक कांवड़िया कच्चे पथ के बगल से गुजरने वाले राज्य उच्च पथ संख्या-22 का भी चौड़ीकरण किया जाएगा। यह पथ भागलपुर, मुंगेर एवं बांका जिलों से गुजरता है। अमरपुर में ग्रिड सब-स्टेशन तथा बौंसी एवं बेलहर में पावर सब-स्टेशन के निर्माण की भी उन्होंने घोषणा की। उन्होंने जिला के कटोरिया में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना करने की भी बात कही।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article