पटना

Bihar: बिहार में सुरक्षा को लेकर CM नीतीश ने ली मीटिंग, सरहदी इलाकों पर बढ़ाई गई चौकसी

भारत और पाकिस्तान की सीमा पर लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक समीक्षा बैठक की। इस मीटिंग में बिहार से लगने वाली नेपाल और बांग्लादेश की सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। मीटिंग में सुरक्षा चाकचौबंद करने को लेकर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए। सीमा पर सुरक्षाबलों ने सख्ती से जांच प्रक्रिया बढ़ा दी है। लोगों को सूचित किया जा रहा है कि भ्रामक जानकारियों से बचें।

Image

पूर्णिया में मुख्यमंत्री ने ली मीटिंग

Photo : Times Now Digital

CM Meeting In Purnia: 22 अप्रैल की दोपहर पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही देश में तनाव का असर कहीं से कम नहीं हुआ है। इस आतंकी हमले के जवाबी कार्रवाई के तौर पर भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया 6 और 7 मई की दरमियानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर (PoJK) के नौ आतंकी ठिकानों को अपना निशाना बनाया, तबसे दोनों पड़ोसी देशों में तनाव की स्थिति बढ़ रही है। ऐसे में पाकिस्तान से लगने वाले सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा को चाक चौबंद कर दिया गया है।

बिहार में सीमा-सुरक्षा को लेकर हुई मीटिंग

अब सीमावर्ती इलाकों पर सुरक्षा बढ़ाने को लेकर बिहार से खबर आई है। बिहार, नेपाल और बांग्लादेश से अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है। ऐसे में भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ी तनातनी के बाद बिहार से लगने वाले अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने को लेकर आज, शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समीक्षा बैठक की। यह मीटिंग सीमांचल के जिले पूर्णिया में हुई। बैठक में सीमा सुरक्षा से जुड़े अधिकारी और प्रशासन के लोग शामिल हुए, जिसमें सीएम नीतीश कुमार ने कई निर्देश दिए।

सीमा पर बढ़ी चौकसी

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव भरे हालात को देखते हुए बिहार से सटी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुपौल में भारत-नेपाल बॉर्डर पर प्रशासन द्वारा चौकसी बढ़ा दी गई है। डॉग स्क्वॉड की टीम भी तैनात हो गई है। पुलिस और SSB संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही है। आम लोगों से भी ऐसे तत्वों पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

जांच में बरती जा रही सख्ती

इस बीच, लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। पुलिस फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दे रही है। भारत-नेपाल बॉर्डर के आसपास भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस और SSB के जवान सख्ती बरत रहे हैं। बॉर्डर पर सुरक्षा बल बारीकी से राहगीरों और वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं।

भीमनगर बॉर्डर के पास डॉग स्क्वॉड की टीम भी सक्रिय होकर तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भारत-नेपाल बॉर्डर के अलावा इस इलाके में कई जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां हर नागरिक और गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस पदाधिकारियों को भी जांच में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

फर्जी खबरों से बचने की सलाह

कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार ने लोगों को फेक न्यूज से बचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कई तरह के फेक न्यूज भी चलते रहते हैं और जैसे ही कुछ दिखता है, लोग उसे फॉरवर्ड कर देते हैं, जो गलत है। उन्होंने लोगों से सभी खबरों की सत्यता परखने को कहा। उन्होंने लोगों से गांव में संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों से किसी भी स्थिति में नहीं घबराने को कहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article