Bihar Politics : बिहार की सियासत की चर्चा इन दिनों देश भर में हो रही है। इसकी मुख्य वजह हैं यहां के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो विपक्षी एकता की दिशा में उस वक्त से काम कर रहे हैं, जब से वे एनडीए से अलग हुए हैं। राजनीतिक हलचल के बीच बिहार से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, बिहार की राजधानी पटना में 12 जून को विपक्षी दलों की बड़ी बैठक होने जा रही है। ये जानकारी दी है जनता दल (यूनाइटेड) जदयू के नेता मंजीत सिंह ने। बताया गया है कि बीजेपी विरोधी पार्टियां इस बैठक में भाग लेंगी और आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करेंगी। चूंकि आम चुनाव से पहले विपक्षी दलों की ये पहली बैठक है इसलिए इसे अहम भी माना जा रहा है।
पटना में 12 जून को होगी विपक्ष की बैठक।
लोकसभा चुनाव पर है नीतीश की नजर
एनडीए से अलग होकर कई बार नीतीश इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि उनका ध्यान आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने पर है। उनकी पार्टी के प्रवक्ताओं के दिए जा रहे बयानों से भी यही प्रतिध्वनित होता है। बता दें कि नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद नीतीश ने कहा था कि, जल्द ही बड़ी बैठक होगी। तभी से विपक्षी दलों की बैठक एक मंच पर होने की प्रतीक्षा की जा रही थी। हालांकि जदयू के नेता मंजीत सिंह ने साफ कर दिया है कि, 12 जून की ये बैठक पटना में होगी।
ये नेता हो सकते हैं सम्मिलित
पटना में होने वाली बैठक में कौन-कौन से नेता शामिल होंगे इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है 18 दल इसमें भाग ले सकते हैं। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ओडिशा सीएम नवीन पटनायक, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, वाम दल के नेता डी राजा और सीताराम येचुरी, राकांपा प्रमुख शरद पवार एवं शिवसेना (ठाकरे गुट) के प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत और भी कई नेता भाग ले सकते हैं। मंजीत सिंह के मुताबिक इस बैठक का नेतृत्व नीतीश कुमार ही करेंगे।
कर्नाटक में मंच साझा करते दिखे थे विपक्षी
उल्लेखनीय है कि, इससे पहले कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 18 दलों के नेता एक ही मंच को साझा करते हुए दिखे थे। यहां से सभी दलों ने विपक्षी एकजुटता का संदेश देने का प्रयत्न किया था। इस दौरान बिहार के सीएम नीतीश कुमार के अतिरिक्त, जेडीयू के अध्यक्ष ललन सिंह और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी उपस्थित थे।
