पटना में ट्रिपल मर्डर से फैली सनसनी, परिचित को पिटता देख बचाने गए दंपति की चाकू मारकर हत्या

Patna Triple Murder: पटना के बाढ़ में बदमाशों द्वारा परिचित पर हमला होते देख उसे एक दंपति बचाने पहुंचा। बदमाशों ने उन पर भी चाकू से वार किया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Patna Triple Murder: बिहार में क्राइम है कि कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। कभी फायरिंग तो कभी हत्या और लूटपाट के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसी एक घटना पटना से फिर सामने आई है। पटना के बाढ़ अनुमंडल के थंबा गांव में तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने चाकू से वार कर तीन लोगों को मौत के घाट उतारा है। इस घटना में एक मासूम बच्चा भी घायल हो गया। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

पुरानी रंजिश के कारण की युवक की हत्या

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि थंबा गांव में पुरानी दुश्मनी को लेकर सुजीत सिंह नाम के एक युवक को अगवा कर लिया गया था। गांव के ही एक अन्य व्यक्ति, जिसका नवीन सिंह नाम है, द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया। अधिकारी ने बताया की नवीन सिंह और चार -पांच अन्य लोगों ने मिलकर सुजीत सिंह पर चाकू के वार किए। उसी दौरान मनीष सिंह और उनकी पत्नी अपने बच्चे के साथ गांव की ओर जा रहे थे। इस घटना को देख दोनों दंपति सुजीत को बचाने के लिए गए, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में सुजीत, मनीष और मनीष की पत्नी की मौत हो गई है। साथ ही बच्चा भी घायल हो गया है।

End of Feed