Patna: बिहार के पटना से एक बार फिर लूट का मामला सामने आया है। सोमवार को पटना के दुल्हिन बाजार थानाक्षेत्र के जमुई कोरैया गांव में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक बैंक को निशाना बनाया और करीब 21 लाख रुपए लेकर भाग गए। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। लुटेरों की संख्या चार से पांच थी, जो हथियार से लैस थे। हथियार के दम पर बदमाशों ने बैंक में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
प्रतीकात्मक तस्वीर
हथियार के दम पर लूटा बैंक
जानकारी के अनुसार पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को दुल्हिन बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक खुलने के कुछ ही देर के बाद 4 से 5 की संख्या में अपराधी बैंक में घुस गए और हथियार के दम पर बैंक के कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया, जिसके बाद ये बमदमाश वहां से करीब 21 लाख रुपए लूटकर रफूचक्कर हो गए।
21 लाख लेकर भागे बदमाश
पटना (वेस्ट) के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमन ने बताया कि बैंक मैनेजर से मिली सूचना के मुताबिक अब तक 21 लाख रुपए के लूट की जानकारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने कि श्वान दस्ते और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाला जा रहा है। लुटेरे भागने के क्रम में डीवीआर अपने साथ ले गए हैं। उनके भागने के रास्ते की तरफ भी पता किया जा रहा है। बताया जाता है कि लुटेरों की संख्या चार से पांच थी, जो हथियार से लैस थे। सभी लुटेरे युवा बताए जा रहे हैं। हाल के दिनों में बिहार में बैंक, ज्वेलरी शॉप और पेट्रोल पंप पर लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।
(इनपुट-IANS)
