Patna Low Student Murder : पटना स्थित बीएन कॉलेज के एक छात्र की पीट-पीटकर की गई। हत्या से शहर का माहौल गर्म है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद छात्रों में भारी रोष है। छात्र नेता और लॉ के छात्र की हत्या के विरोध में मंगलवार को पटना की सड़कें छात्रों से पट गईं। छात्रों ने अशोक राजपथ को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आगजनी शुरू करते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी मांग रखी। इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चंदन यादव को ढूंढ निकाला है। हंगामे और आगजनी की सूचना पर भारी पुलिस बल तैनात है।
पटना में प्रदर्शन
डांडिया नाइट का विवाद
एसपी सिटी का कहना है कि पूरे मामले की जांच चल रही है और कई लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर डांडिया नाइट का विवाद बता रही है। कहा जा रहा है कि डांडिया नाइट में दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। इस विवाद की खुन्नस यहां तक चली आई और लॉ छात्र की हत्या कर दी गई।
कारगिल चौक पर उग्र प्रदर्शन
उधर, छात्र नेता की हत्या की घटना को लेकर छात्रों में भारी रोष है और उनकी एकता सड़कों पर दिख रही है। गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक के पास भारी संख्या में छात्रों ने सड़क जाम कर दिया है। हंगामा और न बढ़े इसके लिए भारी संख्या पीरबहोर के अलावा कई थानों की पुलिस कारगिल चौक पर तैनात है।
लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या
हत्या के बाद एक वीडियो सामने आया था, जिसमें छात्र को लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि छात्र की पहचान हर्ष के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले का रहने वाला है। कुछ दिन पहले डांडिया नाइट में उसका कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। पटना एसपी (ईस्ट) भरत सोनी के मुताबिक, बीएन कॉलेज में तृतीय वर्ष का छात्र हर्ष राज परीक्षा देने के लिए सुल्तानपुर लॉ कॉलेज गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने हमें बताया कि नकाब पहने 10-15 लड़के वहां आए और उन्हें और उनके समूह को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। बाद में पीड़ित की पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
