Katihar Road Accident: बिहार के कटिहार जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां सोमवार और मंगलवार देर रात एक स्कॉर्पियो कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना कुर्सेला थानाक्षेत्र के चांदपुर हनुमान मंदिर के समीप हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी के ढ़िबरा बाजार से स्कॉर्पियो में सवार होकर कई लोग बारात में जा रहे थे। तभी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में स्कॉर्पियो कार पीछे से जा घुसी। इस दौरान कार में 10 लोग सवार थे, जिसमें से 8 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुर्सेला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी मृतक और घायलों को पोठिया थाना क्षेत्र के समेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टर ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि की और गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है।
