6 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): सोमवार को शुरू हुई बिहार की बारिश आज भी जारी है, जिससे राज्य के अधिकतर हिस्सों में रातभर गरज और चमक के साथ मूसलाधार बारिश देखने को मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात के बाद आज तापमान में वृद्धि की संभावना है। वहीं, कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएँ चलने की उम्मीद है।
कल पूरे दिन भीषण गर्मी के बाद रात में राजधानी पटना समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज़ हवा के साथ आसमान में घने बादल छा गए और झमाझम बारिश हुई। पटना, गोपालगंज, सीवान, सारण, औरंगाबाद, गया, मधेपुरा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा और मुंगेर सहित अधिकांश जिलों में देर रात तक बारिश का दौर जारी रहा।
मौसम का रुख बदला
पटना सहित कई जिलों में सोमवार की देर रात अचानक मौसम का रुख बदल गया। भीषण गर्मी के बाद तेज हवाओं के साथ गरजते बादल और बरसात ने लोगों को तपन से राहत दी। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे राज्य में कई जगह पेड़ गिरने की खबरें सामने आई हैं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बीती रात पटना, गोपालगंज, सिवान, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, सारण, गया, मधेपुरा, सुपौल, भागलपुर सहित राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई। IMD ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया, जिसका असर यहां कल रात से लेकर आज सुबह 5 बजे तक देखने को मिला है।
इन जगहों पर येलो अलर्ट
IMD ने 6 मई यानि आज उत्तर बिहार के कुछ जिलों जैसे कि, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, अररिया और किशनगंज में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बरसात के साथ वज्रपात की भी संभावना भी जताई गई है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।
