पटना

CM नीतीश के बेटे निशांत नहीं आए तो JDU खत्म हो जाएगी, बोले पार्टी विधायक

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत को लेकर तमाम अकटलें लगती रहती हैं। ऐसे में उनके बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा भी अक्सर होती रहती है। इधर एक JDU विधायक का कहना है कि अगर निशांत पार्टी में नहीं आए तो पार्टी खत्म हो जाएगी।

Image

JDU ज्वाइन करेंगे निशांत कुमार!

Photo : Twitter

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने तय हैं। चुनाव में भले ही अभी कुछ महीनों का वक्त बाकी हो, लेकिन बिहार में राजनीति चरम पर है। एक तरफ सत्तारूढ़ NDA की तरफ से लगातार सरकारी योजनाओं और सरकार की सफलता के दावे किए जा रहें हैं, तो दूसरी तरफ विपक्षी महागठबंधन की तरफ से आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इस बीच राजनीति का एक रूप ये भी है कि बिहार और JDU में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विकल्प खोजा जा रहा है। भविष्य को देखते हुए नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

निशांत नहीं आए तो JDU खत्म हो जाएगी

हालांकि, न तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और न ही निशांत कुमार ने उनके राजनीति में आने को लेकर कुछ कहा है। लेकिन उनकी एंट्री को लेकर तमाम अटकलें लग रही हैं। इस बीच एक JDU विधायक ने निशांत को लेकर बड़ा दावा किया है। JDU विधायक गोपाल मंडल का दावा है कि वह निशांत को राजनीति में लेकर आए हैं। उन्होंने कहा, अगर निशांत JDU में नहीं आए तो पार्टी खत्म हो जाएगी।

JDU में नीतीश जैसा कोई नहीं

पत्रकारों से बात करते हुए गोपाल मंडल ने कहा, 'निशांत को मैंने लाया है, निशांत का आना तय है। अगर निशांत नहीं आएंगे तो JDU समाप्त हो जाएगी। कोई किसी का बात नहीं समझेगा। जेडीयू में वैसा कोई लीडर नहीं है, जो पोस्ट (मुख्यमंत्री की कुर्सी) को संभाल सके।' जब JDU विधायक से पूछा गया कि क्या वे लोग इस बात को लेकर मुख्यमंत्री से मिलते हैं? इस पर गोपाल मंडल ने कहा, 'हां मिलते रहते हैं। वो आ चुके हैं और पोस्टर भी निकलना शुरू हो चुका है।'

चुनाव लड़ेंगे निशांत?

गोपाल मंडल ने निशांत के JDU में आने को लेकर कहा, देखिए जब हीरो निकलता है तो सबसे पहले उसका जूता नजर आता है। फिर चलते-चलते हल्का सा पैजामा और फिर घुटना दिखता है। उसके बाद एकाएक घड़ी और तब आता है चश्मा। निशांत जी आ रहे हैं, अचानक कैसे आ जाएंगे। पहले रिहर्सल होता है। निशांत कुमार के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह मैं नहीं कह सकता हूं, लेकिन नेता वो रहेंगे।

निशांत को राजनीति में लाने की मांग को लेकर कुछ वक्त पहले पटना में पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टरों में मांग की गई थी कि निशांत को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी जाए। हालांकि, अब तक निशांत ने इस मामले में कुछ भी नहीं कहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article