जहानाबाद : बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाल रहा है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव यात्रा की अगवाई कर रहे हैं और राज्य के लोगों से भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने की अपील कर रहे हैं। इधर, परिवार और पार्टी से बेदखल होने के बाद आरजेडी प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। वे पहले ही आरजेडी से अलग अपनी पार्टी का ऐलान कर चुके हैं। पूरे राज्य में जनसभा आयोजित कर अपनी पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' के लिए जनता से सपोर्ट मांग रहे हैं। शनिवार को उन्होंने जहानाबाद में आयोजित जनसभा में कहा कि मैं 'टीम तेज प्रताप यादव' से चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों का समर्थन करूंगा। मैं जल्द ही घोषणा करूंगा कि हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे?
जहानाबाद में जनसभा को संबोधित करते तेज प्रताप (फोटो-@TejYadav14)
आरजेडी से निष्कासित किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने नई पार्टी बना ली है। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम 'जनशक्ति जनता दल' रखा है। उन्होंने आज जहानाबाद जिले के घोसी विधानसभा के लखावर हाई स्कूल के स्टेडियम में जन संवाद यात्रा के तहत जनसभा को संबोधित किया। हजारों की संख्या में आए हुए युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों को दिल से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने आज मुझे सुनने और अपना आशीर्वाद देने का काम किया है।
तेजस्वी पर साधा निशाना?
जहानाबाद जनसभा में उन्होंने कहा कि यहां बकवास मत करो... सरकार जनता बनाती है, किसी व्यक्ति विशेष से नहीं। किसी को भी इसमें अहंकार नहीं होना चाहिए। 'जो घमंड में रहेगा, वो जल्दी गिरेगा'। उन्होंने आगे कहा कि उन लोगों के झांसे में मत आना जो 'टीम तेजप्रताप यादव' को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। किसी ने मुझे तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन भगवान ने मुझे एक और मौका दिया। जो अपने ही लोगों के प्रति वफ़ादार नहीं हो सकता, वह नागरिकों के लिए क्या करेगा? मुझे मुख्यमंत्री बनने का लालच नहीं है।
