Muzaffarpur Drowning: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां बूढ़ी गंडक में नहाने गई पांच बच्चियां नदी में डूब गई। जिनमें से दो बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पैर फिसलने के कारण डूबी बच्चियां
मृत बच्चियों की पहचान सोनम कुमारी (10) और कृष्णा कुमारी (14) के तौर पर हुई है। नदी में उनके साथ सोनाली (10), नंदनी (8) और रश्मि कुमारी (9) भी थीं। बुधवार शाम को बच्चियों नदी में नहाने गई थी। इस दौरान पैर फिसलने की वजह से सोनम और कृष्णा डूबने लगी। जिन्हें बचाने की कोशिश में तीन अन्य बच्चियां भी डूबने लगीं। इस दौरान के युवक ने हिम्मत दिखाते हुए तीन बच्चियों को नदी से निकाल लिया और उनकी जान बचा ली। लेकिन सोनम कुमारी और कृष्णा कुमारी पानी में डूब गईं।
गुरुवार शाम को मिला बच्चियों का शव
इस घटना के बाद तुरंत एसडीआरएफ की टीम को बच्चियों की तलाश के लिए बुलाया गया। लेकिन अंधेरा होने की वजह से सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह फिर से बच्चियों की तलाशी शुरू की गई। लेकिन शाम 4 बजे तक दोनों बच्चियां नहीं मिल सकीं। जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। जिन्होंने शाम को करीब 5 बजे बच्चियों का शव नदी में खनन की वजह से बने गड्डे से बरामद किया। दोनों बच्चियों का परिवार मजदूरी करता है। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
