ग्रेटर नोएडा

फेसबुक पर मिले, शादी तक पहुंची बात... फिर क्या हुआ ऐसा कि पुलिस की मदद लेने पहुंच गया युवक

ग्रेटर नोएडा में एक युवक को महिला ने शादी का झांसा देकर ठग लिया और उससे लाखों रुपये ले लिए। जब युवक को पता चला कि वह पहले से दो बार शादी शुदा है तो उसने शादी करने से मना कर दिया। जिसके बाद युवती और उसके परिजनों ने पीड़ित से एक करोड़ की रंगदारी मांगी और उसे धमकाया भी। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।

Image

फाइल फोटो

Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा में एक महिला ने युवक को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये उससे ऐंठ लिए। महिला के परिजनों ने भी युवक के साथ गाली-गलौज कर उसे धमकी दी। अब महिला युवक को ब्लैकमेल कर उससे और पैसों की डिमांड कर रही है। जिसके बाद पीड़ित युवक ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

पहले से दो लड़कों से हो चुकी है शादी

पीड़ित युवक एक समाजसेवी है और मथुरा का रहने वाला है। वह यूट्यूब और फेसबुक पर वीडियो पोस्ट करता है। युवक ने बताया कि फेसबुक पर उसकी मुलाकात सान्वी कपूर नाम की महिला से हुई। दोनों की दोस्ती होने के बाद सान्वी ने उसे झांसे में ले लिया और शादी का वादा भी करने लगी। युवक का आरोप है कि महिला ने उससे 6 लाख 50 हजार रुपये और एक सोने की चेन भी ली। पीड़ित को बाद मे पता चला कि सान्वी की पहले से दो लड़कों से शादी हो चुकी है और वह शराब पीती है व क्लब भी जाती है। जिसके बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

एक करोड़ की मांगी रंगदारी

युवक का आरोप है कि शादी से मना करने के बाद सान्वी और उसके परिजनों ने उससे मुलाकात की। इस दौरान उन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और धमकी भी दी। उन्होंने युवक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी। जिसके बाद उसने पुलिस के पास केस दर्ज कराया। बिसरख कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article