Flood in Bhagalpur: भागलपुर पर फिर मंडराया बाढ़ का खतरा, गंडक-कोसी बराज में पानी छोड़ने पर लोगों में दहशत

Flood in Bhagalpur: नेपाल से गंडक और कोसी बराज में पानी छोड़ने से बिहार के भागलपुर जिले में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यहां नदी किनारे बसे लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

Flood in Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में बाढ़ का खतरा एक बार फिर मंडराने लगा है। ये खतरा नेपाल से गंडक और कोसी बराज में छोड़े जा रहे पानी के कारण है। बीते दिनों यूपी और उत्तराखंड में हुई भारी बारिश से सोन नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही थी। सोन नदी में आई अचानक बाढ़ का असर अभी भी जिले के कई हिस्सों पर देखने को मिल रहा है। यहां अभी भी कई ऐसे इलाके हैं, जहां 60 से 65 प्रतिशत घर बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। कुछ स्थानों पर लोगों को थोड़ी राहत मिली है। लेकिन ऐसा लग रहा है कि ये राहत भी कुछ ही दिन की मेहमान है। क्योंकि नेपाल से गंडक और कोसी बराज में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। इसका प्रभाव भी बिहार के भागलपुर समेत कई जिलों पर पड़ेगा।

Flood in Bhagalpur

भागलपुर पर फिर मंडराया बाढ़ का खतरा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

भागलपुर में जल प्रलय के आसार

माना जा रहा है कि गंगा और कोसी नदी का डाउन स्ट्रीम भागलपुर में होने के कारण यहां अधिक पानी आने से जल प्रलय के आसार बढ़ते जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि नेपाल से पानी छोड़े जाने की स्थिति में इसका सीधा असर गंगा पर होता है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव खगड़िया जिले में देखने को मिलता है। क्योंकि यहां गंगा और गंडक मिल जाती हैं। इसके बाद इसका पानी मुंगेर और सुल्तानपुर से होते हुए भागलपुर में प्रवेश करता है। इस दौरान इन तीनों जिलों के निचले क्षेत्रों में बाढ़ के आसार सबसे अधिक हैं।

End of Feed