Supaul News: बिहार के सुपौल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां अवैध शराब के मामले पर छापेमारी करने के लिए एक पुलिस की टीम पहुंची, जिन पर महिलाओं द्वारा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने झुंड बनाकर ईंट-पत्थर से पुलिस पर हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इतना ही नहीं महिलाओं द्वारा किए गए इस हमले में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने इस दौरान 45 लीटर शराब बरामद की और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
अवैध शराब की छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला
बताया जा रहा है कि पुलिस को अवैध शराब को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर प्रतापगंज के थानाध्यक्ष प्रमोद झा के नेतृत्व में पुअनि नीरज कुमार आचार्य, अंजली कुमारी, लाल कुमार समेत कई पुलिसकर्मी तेकुना पंचायत वार्ड 9 स्थित इमामपट्टी आदिवासी टोला पहुंचे। पुलिस ने जैसे ही आदिवासी टोला में शराब की जांच शुरू की, वैसे ही 30 से 40 आदिवासी महिलाओं का झुंड वहां पहुंचा और पुलिस की टीम पर ईंट पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस घटना में कई आदिवासी महिलाओं के भी जख्मी होने की खबर सामने आई है।
45 लीटर शराब जब्त
पुलिस की टीम द्वारा इस दौरान आदिवासी टोले से 45 लीटर देसी शराब बरामद की गई है। प्रतापगंज थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि छापेमारी के दौरान मिली 45 लीटर शराब के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
