पटना

बिहार DGP के घर के पास ज्वेलरी शोरूम में बड़ी लूट, अपराधियों ने बंदूक के बल पर दिया वारदात को अंजाम

​​बिहार के DGP के घर के नजदीक स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में अपराधियों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया। इस शोरूम में ग्राहक बनकर बदमाश घुसे और बंदूक के बल पर लूटपाट की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

Image

बंदूक के दम पर ज्वेलरी शोरूम में लूट

Patna Jewellery Showroom Loot: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला कंकड़बाग थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां अपराधियों ने एक ज्वेलरी शोरूम में बंदूक के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना पर मिलते ही पटना पूर्वी एसपी शुभांक मिश्रा, एसपी सदर श्री अभिनव के साथ चार थाने की पुलिस मौके पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

ग्राहक बनकर शोरूम में घुसे अपराधी

पटना में कंकड़बाग कॉलोनी मोड़ स्थित तनिष्क शोरूम को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। इस शोरूम के नजदीक ही बिहार के डीजीपी का घर भी है। शनिवार शाम करीब सात बजे तनिष्क शोरूम में नकाबपोश अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे। जिसके बाद बदमाश ग्राहक बनकर अंदर दाखिल हुए और हथियार निकालकर कर्मचारियों को धमकाया। बदमाशों ने लॉकर खुलवा लिया और काउंटर में रखे 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा 3.5 लाख रुपये के जेवरात भी लूट लिए। बदमाशों ने 6 कर्मचारियों के मोबाइल भी छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की पहचान और तलाश में जुट गई है। इसके लिए शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को संदेह है कि ये बदमाश किसी गैंग के सदस्य हैं और पहले भी लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article