बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव साल में बिहार की महिलाओं को सुरक्षित और आरामदायक सफर की सौगात दी है। उन्होंने आज यानी शुक्रवार 16 मई को 20 पिंक बसों और राज्य के विभिन्न जिलों के लिए 166 डीलक्स बसों के परिचालन का लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम परिवहन विभाग द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री ने बसों का निरीक्षण किया और उनकी सुविधाओं की जानकारी ली।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिंक बसों को दिखायी हरी झंडी
पिंक बसों का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना है, जिससे उनका आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके। ये बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) द्वारा संचालित की जाएंगी। पहले चरण में 20 पिंक सीएनजी मिनी बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें से आठ बसें पटना, चार मुजफ्फरपुर, और दो-दो बसें भागलपुर, गया, दरभंगा और पूर्णिया में नगर बस सेवा के तहत चलेंगी।
इसके अलावा, राज्य के विभिन्न जिलों के लिए 166 डीलक्स बसों का भी परिचालन शुरू किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। परिवहन विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि पिंक बस सेवा महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का एक नया विकल्प प्रदान करेगी। भविष्य में दूसरे चरण में 80 और पिंक बसों के परिचालन की योजना है।
