पटना

CM नीतीश कुमार ने बिहार की महिलाओं को दी सुरक्षित और आरामदायक सफर की सौगात, पिंक बसों को दिखायी हरी झंडी

बिहार में महिलाओं के सफर को और अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार 20 पिंक सीएनजी बसों को हरी झंडी दिखायी। पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, गया, पूर्णियां, दरभंगा और भागलपुर को यह पिंक बसें मिलेंगी।

Image

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिंक बसों को दिखायी हरी झंडी

Photo : PTI

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव साल में बिहार की महिलाओं को सुरक्षित और आरामदायक सफर की सौगात दी है। उन्होंने आज यानी शुक्रवार 16 मई को 20 पिंक बसों और राज्य के विभिन्न जिलों के लिए 166 डीलक्स बसों के परिचालन का लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम परिवहन विभाग द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री ने बसों का निरीक्षण किया और उनकी सुविधाओं की जानकारी ली।

पिंक बसों का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना है, जिससे उनका आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके। ये बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) द्वारा संचालित की जाएंगी। पहले चरण में 20 पिंक सीएनजी मिनी बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें से आठ बसें पटना, चार मुजफ्फरपुर, और दो-दो बसें भागलपुर, गया, दरभंगा और पूर्णिया में नगर बस सेवा के तहत चलेंगी।

इसके अलावा, राज्य के विभिन्न जिलों के लिए 166 डीलक्स बसों का भी परिचालन शुरू किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। परिवहन विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि पिंक बस सेवा महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का एक नया विकल्प प्रदान करेगी। भविष्य में दूसरे चरण में 80 और पिंक बसों के परिचालन की योजना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article