Bihar Biggest Eye Hospital: बिहार का सबसे बड़ा आंख अस्पताल पटना में बन रहा, 7 होंगे ऑपरेशन थियेटर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 27, 2023, 01:03 PM IST

Igims Eye Hospital: नए साल में बिहार के लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने वाली है। अब लोगों को आंख के इलाज के लिए सूबे से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सूबे में ही निजी डॉक्टरों के यहां मोटी रकम नहीं खर्च करनी पड़ेगी। इसके लिए राजधानी में सबसे बड़ा आंख अस्पताल बनाया जा रहा है। यह कुछ महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा। इसका निर्माण कार्य बहुत तेज गति से कराया जा रहा है। इसमें मरीजों को 24 घंटे इमरजेंसी की सेवा मिलेगी। इसके साथ ही पर्याप्त बेड होंगे।

KEY HIGHLIGHTS
  • प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सेवा योजना के तहत बन रहा अस्पताल
  • 5-6 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा अस्पताल
  • अस्पताल में होंगे 175 बेड, 24 घंटे इमरजेंसी सेवा मिलेगी

Patna Eye Hospital: प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सेवा योजना से पटना में बिहार का सबसे बड़ा आंख अस्पताल बनाया जा रहा है। इसका निर्माण बेली रोड स्थित आईजीआईएमएस अस्पताल परिसर में किया जा रहा है। आंख विभाग को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाना है। साल 2012 में ही आईजीआईएमएस को क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रोजेक्ट प्रस्तुत हुआ था। अब 5-6 महीने में यह अस्पताल बन जाएगा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आंख के मरीजों के लिए यह बेहतरीन अस्पताल होगा। इसमें एक से बढ़कर एक अत्याधुनिक मशीनें लगी रहेंगी। कॉर्निया, रिफ्रेक्टिव रेटीना, उविया ग्लैयोकॉमा पैड आप्थाल्मालॉजी, न्यूरो ऑक्यूलोप्लास्टी, स्क्विंट एंव अन्य तरह की मशीनें लगाई जाएंगी।

patna igims

आईजीआईएमएस, जिस परिसर में बन रहा आंख अस्पताल

अस्पताल में सभी तरह के इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी 32 डॉक्टर तैनात रहेंगे। यहां 175 बेड होंगे। 7 ऑपरेशन थिएटर रहेंगे। एक इमरजेंसी हॉल रहेगा। अस्पताल में 24 घंटे मरीजों को इमरजेंसी की सेवा मिलेगी। अस्पताल के निर्माण पर 162 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। इसमें केंद्र सरकार 60 प्रतिशत राशि और बिहार सरकार 40 प्रतिशत राशि खर्च कर रही है।

End of Feed