Bihar Weather Today: बिहार में कड़ाके की ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। यहां लोगों को ठंड से कांपता हुआ देखा जा रहा है। सर्दियों के मौसम की शुरुआत में बिहार का मौसम बेईमान बना हुआ था। जब उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में ठिठुरन वाली ठंड की शुरुआत हुई थी तब भी बिहार में मौसम अन्य राज्यों की तुलना में गर्म बना हुआ था। लेकिन अब बिहार में ठंड परवान चढ़ रही है। यहां भी कड़ाके की ठंड से लोगों का बुरा हाल होने लगा है। लोग घरों से बाहर जाने से बच रहे हैं। बिहार में तापमान अचानक तेजी से लुढ़का था, जिसकी उम्मीद भी नहीं की गई थी। जिस कड़ाके की ठंड का बिहार के लोग इंतजार कर रहे थे उसकी शुरुआत हो चुकी है। अब प्रदेश कोल्ड डे और कोहरे का डबल अटैक झेल रहा हैं।
बिहार में छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कहीं येलो अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, पटना, औरंगाबाद, गया, नालंदा, नवादा, अरवल, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण दृश्यता पर असर पड़ेगा और लोगों को यात्रा करने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कोहरे का कारण सुबह के दौरान सड़कों पर गाड़ियां धीमी गति में रेंगते हुए दिखाई दी। ट्रेने भी देरी से चल रही हैं। इसके अलावा हवाई सेवाओं पर भी इसका असर देखे को मिल रहा है।
इन जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, सारण, बक्सर, कैमूर और रोहतास में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में रातों के साथ दिन भी सर्द बने रहेंगे। शीतलहर के कारण तापमान में कमी आ सकती है। बिहार में लोगों को ठंड से ठिठुरता हुआ देखा जा रहा है। ठंड से बचने के लिए बिहार के लोग गर्म कपड़ों, हीटर और अलाव का सहारा ले रहे हैं। खुद को गर्म रखने के लिए और ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सारे जतन किए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने बिहार में लगातार बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए बच्चों और बुजुर्गों की खास ख्याल रखने की सलाह दी है।
