दिल्ली

Weather Today: कोहरा-शीतलहर और गलन के साथ अब दिल्ली में होगी झमाझम बारिश, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में ठंड का प्रकोप जारी है। यहां कोहरे, शीतलहर और गलन के साथ अब बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। बारिश होने से शहर में ठंड और बढ़ सकती है। यहां लोग ठंड से बचने के लिए अलाव के सहारा ले रहे हैं।

Image

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड का प्रकोप देखा जा रहा है। हड्डियां कंपा देने वाली इस ठंड में लोग कम से कम बाहर जाना चाहते हैं। राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्रों में बढ़ती ठंड से यहां के लोगों का बुरा हाल हो गया है। कुछ ही सेकेंड में हाथ-पैर ठंड से सुन्न हो जा रहे हैं। निवासी ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की ढेरों लेयर्स पहन रहे हैं और अलाव का सहारा ले रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें ठंड से राहत नहीं मिल रही है। दिल्ली एनसीआर की ठंड पहाड़ी इलाकों में पड़ने वाली ठंड को टक्कर दे रही है। यहां न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी कमी देखी जा रही है। शहर इस समय गलन, कोहरे और शीतलहर का ट्रिपल अटैक झेल रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सुबह-शाम चल रही शीतलहर से गलन बढ़ने लगी है और लोगों को ठिठुरते हुए देखा जा रहा है।

यातायात पर कोहरे का असर

दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया हुआ है, इसका असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है। सड़क यातायात के साथ रेल यातायात और हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहा है। घना कोहरा होने के कारण यात्रियों को सड़कों पर लाइट जलाकर और धीमी गति में यात्रा करने की सलाह दी गई है। दूसरी तरफ घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही है और हवाई सेवाएं भी प्रभावित है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट से कई उड़ानें कोहरे कारण प्रभावित रही और 81 ट्रेनें देरी से चलीं। आने वाले दिनों में भी कोहरे का कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रह सकती है।

दिल्ली में मौसम का हाल

कड़ाके की ठंड के बीच दिल्ली के लोग कोहरे और शीतलहर की मार झेल रहे हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण कुछ ही दूर तक देखना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सड़कों पर धीमी गति में गाड़ियों को रेंगते हुए देखा जा रहा है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। शहर का न्यूनतम तापमान 8 से 10 के बीच बना हुआ है तो वहीं अधिकतम तापमान 15 से 17 के बीच दर्ज किया जा रहा है। यहां लोगों को दिन से समय भी ठंड से राहत नहीं मिल रही है। दोपहर के समय भले ही धूप खिली हुई है, लेकिन शीतलहर के कारण ठंड पर कोई खास प्रभाव नहीं हो रहा है।

दिल्ली में बारिश के आसार

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में कल यानी 6 जनवरी को बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश होने से शहर के तापमान में और कमी आएगी। आने वाले दिनों में भी दिल्ली के लोगों को ठंड से राहत मिलने के कम ही आसार हैं।

एनसीआर में मौसम का हाल

दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी ठंड का कहर देखने को मिल रहा है। यहां शीतलहर के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज गुरुग्राम और फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 10 जनवरी को इन दोनों शहरों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद की बात करें तो आज शहर का न्यूनतम तापमान क्रमशः 9 और 10 डिग्री व अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने इन दोनों शहरों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 6 जनवरी को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई है। हल्की बारिश से शहर में ठंड और बढ़ सकती है। यहां ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article