Bihar Weather Today: बसंत ऋतु की दस्तक के साथ बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। यहां तापमान में वृद्धि होने लगी है। बीते दिनों ठंड से ठिठुर रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। हालांकि अभी भी कई जिलों में कोहरा देखने को मिल रहा है, लेकिन ठंड में कमी आने लगी है। दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा है। बदलती मौसमी गतिविधियों को देखते हुए फरवरी महीने में बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में प्रदेश का तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। आइए अब आपको बताएं कैसे रहेगा आज मौसम का हाल -
बिहार में बदले मौसम के मिजाज
बिहार के 6 जिलों में कोहरे का अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के सुपौल, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में मौसम विभाग ने घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा, जो दिन चढ़ने के साथ खत्म हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में आज का मौसम साफ रहेगा, क्योंकि बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। लेकिन इस बीच पछुआ हवाएं चलने का अनुमान लगाया गया है। प्रदेश में दिन के समय अच्छी और तेज धूप खिली रहेगी। इस दौरान बिहार का न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री तक रह सकता है।
6 फरवरी से बदलेगा बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के मौसम में 6 फरवरी से बदलाव होगा। यहां फिर ठंड बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि 8 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, जिस कारण बिहार में फिर तापमान गिरेगा और लोगों को फिर ठंड में ठिठुरता हुआ देखा जाएगा। इस बीच लोगों को बदलते मौसम से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बदलते मौसम में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कभी ठंड कभी गर्मी होने से अधिकतम लोग बीमार पड़ रहे हैं।
