Bihar Weather Today: बिहार में मानसून सक्रिय तो है, लेकिन इसकी चाल धीमी पड़ी हुई थी। लंबे समय से कमजोर पड़े मानसून ने शनिवार को रफ्तार पकड़ी। आज, 24 अगस्त (शनिवार) को बिहार के 2 या 3 जिलों में नहीं बल्कि 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 7-7 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बिहार के विभिन्न जिलों में गुरुवार रात शुरू हुई बारिश शुक्रवार तक जारी रही। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और शहरों के मौसम भी खुशनुमा हो गए। शनिवार को बिहार के अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। इससे प्रदेश के तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ समय के लिए छुटकारा मिलेगा। आइए अब आपको बताएं किन जिलों में जारी किया गया भारी बारिश का अलर्ट -
बिहार में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बिहार में मानसून की चाल तेज हो गई है। प्रदेश में 2-3 जिलों से अधिक जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज बिहार के 7 जिलों में अति भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, बांका, जमुई, कैमूर और रोहतास शामिल है। विभाग ने यहां बिजली गिरने की संभावना भी जताई है।
इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार में बारिश के विभिन्न अलर्ट जारी किए हैं। राज्य के 7 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है तो वहीं 7 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। इन जिलों में बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, नवादा, लखीसराय, भागलपुर और गया शामिल है।
बिहार के इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 14 जिलों में भारी से अति बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा गोपालगंज, सिवान, सारण, पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुर, बेगूसराय और खगड़िया में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना भी है।
आगामी दिनों बिहार में बारिश का हाल
आईएमडी ने आज के मौसम के साथ आने वाले दिनों में बिहार में मौसम कैसा रहेगा, इसकी जानकारी भी दी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में 25 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, कैमूर और रोहतास में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 अगस्त को शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 27 और 28 अगस्त को बिहार के किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।
