Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10-May-2025: बिहार में एक बार फिर गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। अधिकतम तापमान भी कुछ जगहों पर 41 डिग्री पार पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में पारा और ऊपर चढ़ सकता है। इसके साथ ही आगामी दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने आज बिहार में मौसम गर्म और शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि प्रदेश की राजधानी पटना में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। वहीं शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
सांकेतिक फोटो
बिहार के 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में कल आठ जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, नवादा, जमुई, बांका सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी में हीटवेव की स्थिति रह सकती है। इन जिलों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। तापमान बढ़ने से लोगों को भीषण गर्मी परेशान कर सकती है। बिहार में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ ही कुछ जगहों पर बारिश और लू की स्थिति भी दर्ज की जा सकती है।
बिहार में सबसे अधिक गर्म रहा गोपालगंज
बिहार में शुक्रवार को चार शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं भी दर्ज की गईं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में गोपालगंज में 41.6 डिग्री, वाल्मीकिनगर में 41.2 डिग्री, गया में 40.8 डिग्री और खगड़िया में 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं बेगूसराय, औरंगाबाद, अररिया, रोहतास, बक्सर और कैमूर में शुक्रवार को हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि औरंगाबाद में तेज हवाएं भी चलीं। इस अवधि में प्रदेश की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा। साथ ही आर्द्रता 39 फीसदी दर्ज हुई, जिस कारण लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हुई।
