Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 1 August 2025: पटना, गया समेत दक्षिण बिहार के सभी 19 जिलों के लोगों के लिए सतर्कता जरूरी हो गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही इसका असर दिखने लगा है और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। आने वाले घंटों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। भारी बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव, वज्रपात और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।
बिहार में आज का मौसम
प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने और सावधानी बरतने की अपील की है। हालांकि, यह बारिश किसानों के लिए फसल के लिहाज से राहत भरी साबित हो सकती है। 1 अगस्त से 5 अगस्त तक बिहार के बांका, जमुई, गया, नवादा, बक्सर, भोजपुर और पटना में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है। वहीं उत्तर बिहार और तराई क्षेत्रों के चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया और भागलपुर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान नियंत्रित रहने की संभावना है, जो अधिकतर 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
इन जिलों में जारी हुए अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, समस्तीपुर, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, बेगुसरास जिले के एक या दो स्थानों में अगले दो से तीन घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघगर्जन, वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में यहां पर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, जहानाबाद, नालंदा, जमुई, बांका जिले के कुछ भागों में अगले दो से तीन घंटे में मध्यम दर्जे की बरसात हो सकती है। इसके साथ ही यहां पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। इसके चलते यहां पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में तापमान और आर्द्रता का स्तर
कुछ दिनों से बिहार के तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया है। मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के विभिन्न शहरों में मौसम का हाल इस प्रकार है, जहां पटना में अधिकतम तापमान 34.1°C और न्यूनतम 26.7°C दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता का स्तर 65% रहा। मुजफ्फरपुर में तापमान 33.6°C से 26.2°C के बीच रहा और आर्द्रता 62% मापी गई। गया में अधिकतम तापमान 33.3°C और न्यूनतम 25.5°C रहा, जहां आर्द्रता काफी अधिक (82%) दर्ज की गई। पूर्णिया में सबसे कम आर्द्रता देखने को मिली, जो सिर्फ 37% रही, जबकि तापमान 34.2°C और 26.1°C रहा। भागलपुर में अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 26°C दर्ज किया गया, और यहां आर्द्रता 50% थी।
