Patna Crime: राजधानी पटना स्थित जीरो माइल गया मोड़ पर एक बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। सोमवार की देर शाम हुई इस गोलीकांड में बस के ड्राइवर की मौत हो गई। बस यात्रियों से भरी हुई थी। इस वारदात के बाद मची अफरातफरी का फायदा उठाकर अपराधी भाग गए। आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेनमारी कर रही है।
तीन अपराधियों ने चलाई गोली
सोमवार की देर शाम यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस बैरिया बस स्टैंड से रवाना हो रही थी। बेतिया जा रही ये बस जैसे ही जीरो माइल पहुंची, तीन अपराधियों ने बस को घेर लिया और चालक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। चालक को तीन गोलियां लगीं जिसके बाद वो घायल होकर गिर पड़ा। लगभग डेढ़ मिनट तक चली इस घटना के बाद यात्री बस से कूदकर भागने लगे। आसपास अफरातफरी का माहौल हो गया। ड्राइवर को NMCH ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ड्राइवर की पहचान दुष्यंत मिश्रा के तौर पर हुई है।
रंगदारी से जुड़ता दिख रहा है मामला
पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इलाके की नाकेबंदी कर दी गयी है और अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वारदात की कड़ी रंगदारी से मिल सकती है। बस स्टैंड पर दो कुख्यातों का दबदबा है, प्रारंभिक जांच में भी रंगदारी से जुड़े एंगल उजागर हुए हैं। बस मालिकों से रंगदारी मांगी गई थी, जिसका विरोध करने के बाद ये हत्या हुई। । पुलिस अभी बस मालिक, कंडक्टर और मैनेजर से पूछताछ कर रही है।
आए दिन होते हैं झगड़े
हालांकि, एक बात तय है कि जिस तरह बस को घेरकर और ड्राइवर को निशाने पर लेकर फायरिंग की गई, ये साजिश के तहत ही हुआ है। बस स्टैंड पर गाड़ियों की नंबरिंग और पहले निकलने की जद्दोजहद को लेकर आए दिन झगड़े-फसाद होते रहते हैं।
घटना के तुरंत बाद सिटी एसपी पूर्वी, डीएसपी सदर टू समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर जांच में जुट गई। फिलहाल रामकृष्ण नगर, कंकड़बाग, पत्रकार नगर, अगमकुआं, गोपालपुर समेत आसपास के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मिलकर अपराधियों की तलाश में जुटी है।
