Bihar boat capsize: बिहार सहित उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में इन दिनों मानसूनी बादल मेहरबान हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। नदियों में जल स्तर बढ़ने की वजह से आए दिन नाव हादसे भी होते रहते हैं। ऐसी ही एक घटना बिहार के पश्चिमी चंपारण में हुई।
नदी में पलटी नाव (फोटो - मेटा AI)
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा में गंडक नदी में शनिवार को नाव पलटने की सूचना मिली। इस नाव हादसे में कई लोगों के लापता होने की खबर मिली, जिसके बाद वहां राहत और बचाव कार्य किया गया।
खबरों के अनुसार किसान नाव पर सवार होकर दियारा खेतों में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वहां कोहराम मच गया। तुरंत ही लोग इस हादसे में लापता लोगों की खोज में जुट गए।
नाव दुर्घटना चंदरपुर के पास हुई। बताया जा रहा है कि नाव में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला भी थीं। हादसे की सूचना तुरंत प्रशासन को दी गई। SDRF की टीम को बुलाया गया और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य जुटे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी 6 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। इन दिनों गंडक में काफी ज्यादा पानी है, हालांकि, जलस्तर कुछ कम जरूर हुआ है। बता दें कि जुलाई माह में ही गंडक में नाव चलाने पर रोक लगा दी गई थी।
