पटना

बिहार के नालंदा में पैक्स अध्यक्ष को अपराधियों ने मारी गोली, बुरी तरह घायल; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Nalanda News: नालंदा के मेघी नगमा में पैक्स अध्यक्ष शिवचरण प्रसाद पर गोलीबारी हुई। वे गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी विजय गोप को गिरफ्तार किया है-

Image

बिहार के नालंदा में पैक्स अध्यक्ष गोली लगने से घायल

Photo : Times Now Digital

Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले के मेघी नगमा के पैक्स अध्यक्ष शिवचरण प्रसाद को अपराधियों ने गोली मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विजय गोप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार की रात करीब 10 बजे की है। पैक्स का चुनाव जीतने के बाद जब शिवचरण प्रसाद घर वापस जा रहे थे, तभी दीपनगर बाजार के पास अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। हमले में वह घायल हो गए। उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें पावापुरी रेफर कर दिया।

मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया

बताया जाता है कि गिरफ्तार विजय गोप राजद नेता हैं और पूर्व में नालंदा जिला युवा राजद के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया। इस दौरान विजय गोप ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।

जीत का जश्न मनाने के दौरान हर्ष फायरिंग में लगी गोली

उन्होंने दावा किया कि जीत का जश्न मनाने के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगी है और उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। विजय गोप ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष के प्रतिद्वंद्वी, जो चुनाव में हार गए हैं, उनके साथ वह सहयोग कर रहे थे।

मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसमें विजय गोप समेत छह लोगों को नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में विजय गोप पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बुधवार की रात में छापेमारी कर विजय गोप को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस के मुताबिक, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना से संबंधित सभी बिंदुओं पर जांच जारी है, और फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

(इनपुटः आईएएनएस)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article