Voter Adhikar Yatra : बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व विपक्ष 'वोटर अधिकार यात्रा' के जरिए बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाकर निशाना साध रहा है। पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने मोटरसाइकिल के जरिए दरभंगा से मुजफ्फरपुर तक की यात्रा की थी। इसी क्रम में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इस अभियान का हिस्सा बने, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि पिछले साल लोकसभा चुनाव में राजग को सबक सिखाने वाला ‘इंडिया’ गठबंधन आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत गठबंधन को हराएगा।
बिहार में वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उनके शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल से उत्पन्न विवाद के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा अपने विरोधियों का अपमान करने में माहिर है। आपको उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) को बोलते हुए सुनना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर होता कि भाजपा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा के बारे में चिंता करती। लेकिन ऐसा लगता है कि पार्टी बढ़ाए गए शुल्क का विरोध करने से भी डर रही है। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘जो भी हो, बिहार में भाजपा का सफाया होने वाला है। मैंने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को अपना समर्थन दिया है क्योंकि वोट चुराना जनता का अपमान है। निर्वाचन आयोग भाजपा के लिए हेरफेर करने में व्यस्त लगता है। हमने उन्हें (भाजपा को) अवध में हराया। अब उन्हें मगध में हराने का समय है।
