Aaj Bihar Ka Mausam: बिहार में मार्च के महीने में ही गर्मी का कहर शुरू हो गया है। अभी से मई-जून वाली गर्मी का एहसास होने लगा है। प्रदेश में तापमान भी लगातार ऊपर चढ़ रहा है। ज्यादातर जिलों में सामान्य से ऊपर तापमान बना हुआ है। शुक्रवार को 5 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। आज कई जिलों में हीटवेव जैसे हालात भी बन सकते हैं। हालांकि इसको लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आने वाले दिनों में लोगों का गर्मी से और बुरा हाल होने की संभावना है।
इन जिलों में हॉट डे जैसी स्थिति
बिहार के कई जिलों में आज हॉट डे जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार औरंगाबाद, भोजपुर, कैमूर, बक्सर, रोहतास, पटना, गया, सीवान, वैशाली, नालंदा, सारण, नवादा, जहानाबाद, अरवल, शेखपुरा, जमुई और बांका में ऐसे हालात देखने को मिल सकते हैं। प्रदेश में अगले 24 घंटों में कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बिहार में अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिससे गर्मी का असर रात में भी महसूस होगा।
अभी और बढ़ेगा गर्मी का सितम
मौसम विभाग के मुताबिक ऊपरी वायुमंडलीय बदलाव और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। वहीं मध्य पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा के चक्रवात बने रहने की वजह से पूरे उत्तर भारत में इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसके कारण गर्म हवाओं के प्रभाव में भी बढ़ोत्तरी हुई है। जिसेस तापमान असामान्य रूप से बढ़ रहा है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में उत्तर-पूर्वी बिहार के अलावा प्रदेश के सभी हिस्सों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं दक्षिण और उत्तर-पश्चिम बिहार में पुरवा हवाएं चल सकती है। जिससे और ज्यादा गर्मी का एहसास होगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के नाविकों और जलमार्ग के यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
रोहतास रहा सबसे गर्म जिला
| जिला | तापमान |
| रोहतास | 39.02 |
| गया | 38.9 |
| शेखपुरा | 38.6 |
| पटना | 38.5 |
| सासाराम | 37.2 |
| मुजफ्फरपुर | 36.8 |
| छपरा | 36.8 |
