Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: चक्रवाती तूफान दाना के चलते बिहार समेत कई राज्यों के मौसम में बदलाव आया है। भले ही अब यह तूफान कमजोर पड़ गया है। लेकिन बिहार में इसका प्रभाव अक्टूबर के आखिरी दिन तक देखने को मिलेगा। इस दौरान पुरवा हवा भी चलने के आसार हैं। जिसकी वजह से 31 अक्टूबर तक ठंड बढ़ने का कोई अनुमान नहीं है। हालांकि दिवाली के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी देखने को मिल सकती है। आज के मौसम की बात करें तो आज कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के 20 जिलों में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। आज प्रदेश में पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, जहानाबाद, भागलपुर, बेगूसराय, बांका, लखीसराय, मुंगेर, जमुई, बक्सर, खगड़िया, रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, अरवल और भभुआ में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान बिहार के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मुंगेर में सबसे अधिक हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पोस्ट मॉनसून में बिहार में सामान्य से 72 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। अब तक प्रदेश में 17 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बिहार में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश मुंगेर में दर्ज की गई। वहीं सबसे कम पानी बक्सर में बरसा है। मुंगेर में 84 मिमी, भागलपुर में 62 मिमी, खगड़िया में 44.8 मिमी, बेगूसराय में 39.2 मिमी और पटना में 32 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
बिहार में कहां कितना रहा तापमान
बिहार में रविवार को पटना में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री, दरभंगा में 34.6 डिग्री, भागलपुर में 29.7 डिग्री, मुजफ्फरपुर 30.02 डिग्री, रोहतास में 29.4 डिग्री, गोपालगंज में 34.3 डिग्री और बक्सर में 26.9 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो पटना में 23.02 डिग्री, किशनगंज में 19.5 डिग्री, गया में 25.01 डिग्री, नालंदा में 23.7 डिग्री, समस्तीपुर में 24.01 डिग्री, वैशाली में 23.4 डिग्री, छपरा में 22.01 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 25 डिग्री और पूर्वी चंपारण में 20 डिग्री दर्ज किया गया।
