Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मॉनसूनी बारिश (Monsoon Rain) कमजोर पड़ती नजर आ रही है, जिससे चिपचिपाती गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। अधिकतर जिलों में लोग गर्मी और उमस से बेहाल हैं। गुरुवार को जहां बारिश के अलर्ट के बीच बादल छाए नजर आए तो शुक्रवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मौसमी चक्र में परिवर्तन हो सकता है, जिससे अनुमान है कि मॉनसून की रफ्तार बढ़ जाएगी। आईएमडी में बादलों की आवाजाही के बीच तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगर, एक बार फिर मॉनसून अपने कलेवर में लौटता है तो जाहिर सी बात है कि राज्य में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
बिहार में मौसम
20 जुलाई से एक्टिव होगा मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में 20 जुलाई से मौसम अपने तेवर दिखाएगा और एक बार फिर मॉनसून के सक्रिय होने से राज्य में पानी ही पानी नजर आएगा। हालांकि, पटना समेत कई जिलों में बारिश का अंदेशा नहीं लग रहा है। शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल तो छाए रहने का अनुमान है, लेकिन जमीन तक बूंदे पहुंचेंगी इसकी गुंजाइश कम नजर आ रही है। दोपहर के वक्त कड़क धूप निकलने से धरती से गर्म हवा निकल रही है, जो उमस का सबसे बड़ा कारण बन रही है। फिलहाल, प्रदेश के सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार समेत दक्षिणी भागों में मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना व्यक्त की गई है।
गर्मी से बेहाल पटना (Humidity in Patna)
खासकर, पटना इन दिनों गर्मी के सितम से बैचेन नजर आ रहा है। शहर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम पापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पटना के दिन और रात के तापमान में 6.9 डिग्री सेल्सियस तापमान में अंतर दर्ज किया गया है।
बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) से उठेगा मॉनसून
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के हवाले से आज पश्चिम मध्य और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक ताजा निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है, जिससे मॉनसून के एक्टिव होने के चांस हैं। अगर, ऐसा होता है तो फिर से बिहार में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। अगर, आईएमडी की मानें तो 23 जुलाई तक राज्य के दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
आईएमडी के मुताबिक, बिहार के बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, भोजपुर, बक्सर, नालंदा, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, गया और नवादा में कई स्थानों पर 22 जुलाई को बारिश की संभावना बन रही है। वहीं, 23 जुलाई को सिवान, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
