15 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 15 मई को बिहार के 7 जिलों में आंशिक बादल, गरज, बिजली और तेज हवा के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है, जबकि शेष 31 जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। प्री-मॉनसून सीजन में ऐसा अप्रत्याशित मौसम देखने को मिल रहा है, जहां कहीं बारिश हो रही है तो कहीं लोग उमस और गर्मी से बेहाल हैं। उत्तर-पूर्वी बिहार में बारिश का दौर जारी है, जिसका मुख्य कारण काल बैसाखी है।
बिहार में आज के मौसम की अपडेट
वास्तविक तापमान की तुलना में महसूस किया जाने वाला तापमान कहीं अधिक है। 17 से 19 मई के दौरान पूरे बिहार में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। फिलहाल, सुबह से तेज धूप ने मौसम को और गर्म बना दिया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में पटना सहित 24 जिलों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। वहीं, सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मेघगर्जन की संभावना
IMD के मुताबिक, आज सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति वाली तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा, आज सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और मधुबनी में भी बारिश होने की उम्मीद है। वहीं, शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और उमस भरी गर्मी बनी रहेगी।
यहां उमस का कहर
IMD पटना के अनुसार, राज्य में तापमान 38 से 42°C के बीच रहने की संभावना है। पटना, जहानाबाद, भागलपुर, नालंदा, गया, सहरसा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, बांका, कटिहार और मधेपुरा जिलों में उच्च तापमान और बढ़ती आर्द्रता के कारण असुविधा का स्तर अधिक रहेगा। अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी और उमस बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि, 17 से 19 मई के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
