पटना

कंबल-रजाई निकाल लें बिहारवासी, पड़ने वाली है कड़ाके की सर्दी! कोहरा-पॉल्यूशन कर देगा घरों में कैद

आज का मौसम बिहार, 08 November2024 Bihar mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने वाला है। अब छठ महापर्व के बाद ठंड का दौर शुरू होगा। सुबह-शाम वातावरण में धुंध-कोहरे और प्रदूषण की चादर छाई नजर आएगी। अगले सप्ताह तक दिन और रात्रि के तापमान में बड़ा अंतर नजर आ सकता है। आइये जानते हैं राज्य के किस शहर में कितना प्रदूषण और कितना तापमान है?

Image

बिहार मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ 8 नवंबर यानी शुक्रवार को समाप्त हो गया। चार दिवसीय पर्व बड़ी धूम धाम से मनाया गया। अमूमन छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सर्दी का एहसास होता था, लेकिन इस सीजन अभी तक सर्दी का दौर नहीं शुरू हुआ है। सुबह और शाम की गुलाबी ठंड को छोड़ दें तो अभी ऐसी नौबत नहीं आई कि दिन में गर्म कपड़े पहनने पड़ें। लेकिन, अब मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना है। राज्य में सर्दी के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। अब सुबह शाम और रात्रि के वक्त कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी में काफी कमी आएगी। इसके अलावा राज्य के अधिकांश जिलों में पॉल्यूशन नाक में दम कर रहा है। आइये जानते हैं राज्य के किस जिले में कितना अधिकतम और न्यूनतम तापमान है?

बारिश की संभावना खत्म

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार, आने वाले सप्ताह में बिहार में कोहरे और धुंध की चादर छाने की उम्मीद है। वर्तमान में मौसम काफी शुष्क रह रहा है। हालांकि, बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन बारिश की संभावना लगभग खत्म है। चूंकि, कोई मौसम संबंधी सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिसकी वजह से दिन और रात के तापमान में खासा अंतर देखने को नहीं मिल रहा है। लेकिन, अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के पूर्वी हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। वातावरण में धुंध छाने से दृश्यता में काफी कमी देखी जाएगी। कमोबेश यही हाल राज्य के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिलेगा।

जिले का नाम अधिकतम/न्यूनतम तापमान
पटना32/22 डिग्री सेल्सियस
बेगूसराय 31/22 डिग्री सेल्सियस
भागलपुर 31/21 डिग्री सेल्सियस
मुजफ्फरपुर 32/21 डिग्री सेल्सियस
पूर्णिया 31/20 डिग्री सेल्सियस
छपरा 32/22 डिग्री सेल्सियस
सीवान 32/20 डिग्री सेल्सियस
दरभंगा 32/21 डिग्री सेल्सियस
हाजीपुर 32/22 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, 8 नवंबर यानी आज राजधानी पटना समेत बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहेगा। आज सुबह की बात करें तो सुबह करीब 4 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन 8 बजते-बजते काफी सूरज पूरी तरह रोशनी बिखेर चुका था। सुबह कोहरे के बीच छठ पर्व मना रहे श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया। आईएमडी का मानना है कि अब रात में भी धुंध छाई रह सकती है। दिन का तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा, जबकि रात्रि में यही तापमान घटकर 20 से 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। इस दौरान हल्की-हल्की हवा भी बह सकती है, जिससे मौसम में तरावट का एहसास होगा।

बिहार के इन जिलों में प्रदूषण

दिल्ली-एनसीआर की तरह बिहार के अधिकतर जिलों में प्रदूषण की चादर देखने को मिल रही है। दिवाली के दौरान दर्ज की गई एक्यूआई में फिलहाल कोई खास कमी देखने को नहीं मिल रही है। गुरुवार पटना में 248 एक्यूआई दर्ज किया गया, जिसे खराब श्रेणी में माना जाता है। इसके अलावा हाजीपुर का एक्यूआई 216, सीवान का एक्यूआई 207, मुजफ्फरपुर में 187, अररिया 166 और पूर्णिया में 154 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा छपरा में 165 एक्यूआई रहा तो बेगूसराय में 196 एक्यूआई दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि छठ पर्व समाप्त हो गया है। नवंबर माह के तीसरे सप्ताह में काफी सर्दी होने लगेगी। आने वाले दिनों में कोहरा, धुंध और ठंडी हवाओं का असर बढ़ने की संभावना है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article