शहर

पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग; वर्चस्व की लड़ाई में चलीं गोलियां, जांच में जुटी पुलिस

बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर कथित वर्चस्व को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस जांच कर रही है।

Image

घटना के बाद मौके पर पहुंचे खान सर (स्क्रीनग्रैब: ANI)

Photo : ANI

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार की देर शाम अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब 'खान सर' के कोचिंग संस्थान को निशाना बनाकर हमला किया गया। हमलावरों ने कोचिंग परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, पोस्टर-बैनर फाड़ दिए और अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस दुस्साहसिक हमले में कोचिंग का एक सुरक्षा गार्ड गोली लगने से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मुसल्लहपुर हाट थाने की पुलिस, पटना एसएसपी, एसपी और कई पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

कार्यालय में की तोड़फोड़, पहले भी हो चुका है बम से हमला

चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने खान सर के कोचिंग संस्थान के दफ्तर में घुसकर जमकर उत्पाद मचाया और तोड़फोड़ की। संस्थान के बाहर लगे पोस्टर और बैनर को भी पूरी तरह फाड़कर नुकसान पहुंचाया गया। गौरतलब है कि खान सर के संस्थान को पहली बार निशाना नहीं बनाया गया है, इससे पहले भी उनके ऊपर बम से हमला हो चुका है। यही वजह है कि इस बार पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है और वारदात स्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है。

घटनास्थल पर पहुंचे खान सर

हमले की जानकारी मिलने के थोड़ी देर बाद खुद खान सर भी अपने कोचिंग संस्थान पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने इस हमले की पुष्टि की और कहा कि संस्थान पर भारी पथराव और गोलीबारी की गई है।

खान सर ने इस हमले के पीछे की मुख्य वजहों का खुलासा करते हुए कहा मुख्य मुद्दा यह लगता है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं? हम इतने हजारों की संख्या में सरकारी नौकरियों के रिजल्ट क्यों दे रहे हैं? जब हजारों की संख्या में गरीब बच्चे पढ़कर कामयाब होते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को अपना धंधा खतरे में दिखने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डराकर या दबाकर रोक लेंगे। उन्होंने आगे कहा, हमलावरों ने हमारे ऑफिस को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया और गोलियां चलाईं। हमारे घायल सुरक्षा गार्ड ने हमलावरों की पहचान कर ली है, ये पास में ही स्थित एक दूसरे कोचिंग सेंटर के लोग हैं।

'कोचिंग उड़ाने की दी थी धमकी'

खान सर ने सीधे तौर पर पास के ही एक प्रतिद्वंदी कोचिंग संस्थान पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासनिक सुरक्षा की मांग करते हुए कहा, यह बात अब हर किसी के सामने साफ हो चुकी है कि इसके पीछे पास वाला कोचिंग इंस्टिट्यूट ही है। उन्होंने तो पहले ऐसे बयान भी दिए थे कि वे खान सर के कोचिंग सेंटर को बम से उड़ा देंगे। खान सर ने सरकार और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि देश के गरीब बच्चों को भी शिक्षा पाने का पूरा अधिकार है, इसलिए प्रशासन को हमारी सुरक्षा चिंताओं को गंभीरता से लेना चाहिए।

CCTV फुटेज पुलिस को सौंपी, बड़े अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

पटना पुलिस के आला अधिकारियों (SSP और SP) ने खुद कमान संभालते हुए कोचिंग प्रबंधन से बातचीत की है। खान सर ने बताया कि घटना के सभी डिजिटल साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) पुलिस अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस 'कोचिंग वॉर' के पीछे शामिल दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article