शहर

कल नहीं चलेगी पटना मेट्रो! भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच कल होगा ट्रायल रन, जानें क्या है तैयारी

Patna Metro: पटना मेट्रो 26 फरवरी को भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक ट्रायल रन करेगी। इस कारण गुरुवार को मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी। इसके साथ ही एक खुशखबरी ये है कि मार्च से एक नए रूट पर परिचालन शुरू होने की संभावना है।

Image

कल ट्रायल रन के चलते बंद रहेगा परिचालन (फाइल फोटो | @PMRCLofficial)

Photo : Twitter

Patna Metro Update: पटना मेट्रो के विस्तार का इंतजार कर रहे पटनावासियों के लिए एक बड़ी खबर है। शहर की लाइफलाइन बनने जा रही मेट्रो अब अपने पहले कॉरिडोर के विस्तार के अंतिम चरण में पहुंच गई है। न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (ISBT) से मलाही पकड़ी तक के 6.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रूट पर कल पहली बार मेट्रो की रफ्तार को परखा जाएगा।

26 फरवरी को थमेगी मेट्रो की रफ्तार

पटना मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (PMRCL) ने सूचित किया है कि भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी स्टेशन के बीच नए सेक्शन के उद्घाटन की तैयारियों के लिए 26 फरवरी, गुरुवार को महत्वपूर्ण ट्रायल रन किया जाएगा। इस तकनीकी परीक्षण के कारण गुरुवार को ISBT से भूतनाथ के बीच चलने वाली सामान्य मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। 27 फरवरी से परिचालन दोबारा सामान्य समय पर शुरू हो जाएगा।

ट्रायल रन में क्या-क्या होगा?

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) और स्थानीय इंजीनियरिंग टीम संयुक्त रूप से इस परीक्षण को अंजाम देगी। इसमें स्पीड, ब्रेक सिस्टम और तकनीकी तालमेल को नापा जाएगा। स्पीड टेस्ट में अलग-अलग गति पर ट्रेन चलाकर ट्रैक की मजबूती देखी जाएगी। साथ ही आपातकालीन ब्रेक सिस्टम की संवेदनशीलता की परख भी होगी। इसके अलावा सिग्नलिंग सिस्टम, ओवरहेड उपकरण (OHE) और स्टेशनों के बीच कम्यूनिकेशन सिस्टम की टेस्टिंग होगी।

मार्च में मिल सकती है नई सौगात

ट्रायल रन सफल होने के बाद, फरवरी के अंतिम सप्ताह में कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) की टीम इस रूट का विस्तृत निरीक्षण करेगी। यदि ट्रैक, प्लेटफॉर्म और सुरक्षा मानकों को हरी झंडी मिल जाती है, तो मार्च के दूसरे सप्ताह से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा आम जनता के लिए शुरू हो सकती है। इस विस्तार के बाद पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल और भूतनाथ के साथ मलाही पकड़ी भी मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएगा।

खेमनीचक स्टेशन के लिए थोड़ा और इंतजार

भले ही मेट्रो मलाही पकड़ी तक दौड़ने वाली है, लेकिन बीच में पड़ने वाले खेमनीचक स्टेशन पर फिलहाल ट्रेन नहीं रुकेगी। जमीन मिलने में देरी के कारण इस स्टेशन का निर्माण अभी अधूरा है, जिसे पूरा होने में 3-4 महीने और लग सकते हैं। भविष्य में खेमनीचक एक प्रमुख 'एक्सचेंज स्टेशन' बनेगा, जहाँ से यात्री अलग-अलग कॉरिडोर के लिए ट्रेन बदल सकेंगे।

मीठापुर तक विस्तार की तैयारी

पटना मेट्रो का अगला लक्ष्य साल के अंत तक मीठापुर तक ट्रेन पहुंचाना है। खेमनीचक से जगनपुरा और रामकृष्ण नगर होते हुए मीठापुर तक के 3.2 किलोमीटर लंबे रूट पर काम तेजी से जारी है। पूरे प्रोजेक्ट के तहत पटना में कुल 31.9 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाई जानी है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!