Patna Double Murder: पटना के शाहपुर गांव से हत्या की वारदात सामने आई है। जहां शादी के रिसेप्शन के दौरान दो सगे भाइयों को अज्ञात हमलावरों ने मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है पुराने जमीन विवाद के चलते यह हत्या हुई। मृतकों की पहचान मनजीत कुमार और मनीष कुमार के तौर पर हुई है। घटना के इलाके में अफरातफरी मच गई और शादी समारोह मातम में बदल गया।
सांकेतिक फोटो
हमलावरों ने की 26-27 राउंड फायरिंग
यह सनसनीखेज वारदात स्थानीय निवासी दौलत राय के बेटे के रिसेप्शन समारोह के दौरान हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान दोनों भाइयों को निशाना बनाकर करीब 26 से 27 राउंड फायरिंग की गई। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी की मौत हो गई।
कोर्ट में केस हारने के बाद हमले का आरोप
पुलिस को संदेह है कि यह यह वारदात पुराने जमीन विवाद से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि मृतकों के परिवार और उनके चचेरे भाई कृष्णा राय के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। इस संबंध में हाल ही में कोर्ट का फैसला भी आया था, जिसमें कृष्णा राय को हार का सामना करना पड़ा था। इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर आगे की जांच की जा रही है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार पटना सिटी ईस्ट के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों भाइयों की मौत हो चुकी थी। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिसके बाद ही पता चलेगा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर था।
दो बार केस जीतने पर भी जारी रहा विवाद- मृतकों का भाई
मृतकों के भाई रजनीश कुमार ने दावा किया है कि उनका परिवार जमीन का केस दो बार जीत चुका था, इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उनके भाइयों को गोली मारी गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। जिसके लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही चश्मदीदों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
