Delhi School Bomb Threat: राजधानी दिल्ली के दो प्रतिष्ठित स्कूलों, धौलाकुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल (APS) और लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये कोई नई बात नहीं है। आए दिन देशभर में स्कूलों और सरकारी इमारतों में बम होने का ईमेल मिलते हैं। मामला संवेदनशील होने के नाते सुरक्षा एजेंसियां कोई लापरवाही बरते बिना, सर्च ऑपरेशन चलाती और किसी तरह की संदिग्ध चीज बरामद नहीं होती है। इसी कड़ी में सोमवार की सुबह भी एक इजाफा हुआ। दिल्ली के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में दोनों स्कूलों को खाली करा लिया गया।
सुबह ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, सोमवार सुबह स्कूल प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि स्कूल परिसर में विस्फोटक उपकरण (बम) रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के लिहाज से तुरंत दोनों स्कूलों की छुट्टी कर दी गई और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सघन तलाशी अभियान जारी
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि एहतियात के तौर पर पूरे स्कूल परिसर की गहनता से तलाशी ली जा रही है। अब तक की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम ईमेल के स्रोत की पुष्टि कर रहे हैं। फिलहाल डरने वाली कोई बात नहीं है, लेकिन सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता, इसलिए हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है।"
साइबर सेल को सौंपी गई जांच
धमकी भरे ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल की मदद ली जा रही है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के कई स्कूलों को इस तरह के 'हॉक्स कॉल' (झूठी धमकी) मिल चुके हैं, जिन्हें लेकर पुलिस अब अधिक सतर्क है।
