शहर

Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी, 1276 पंचायतों में डाले जा रहे वोट

Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है। 1276 पंचायतों में वोट डाले जा रहे हैं।

Image

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए वोटिंग जारी

Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में 1,276 पंचायतों के लिए ग्रामीण निकाय चुनावों के दूसरे चरण के लिए गुरुवार को वोटिंग हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और मतदान केंद्रों के बाहर पहली बार मतदान करने वालों और वरिष्ठ नागरिकों सहित लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। पहले चरण में 1,293 पंचायतों के लिए मतदान मंगलवार को हुआ, जिसमें 78.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शेष 1,274 पंचायतों के लिए तीसरे और अंतिम चरण में मतदान 30 मई को होगा।

हिमाचल में कितना मतदान?

सुबह 11 बजे तक 43.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सिरमौर जिले में अब तक सबसे अधिक 50.52 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 37.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। कुल 17,30,300 मतदाता, जिनमें 8,55,597 महिलाएं, 8,74,416 पुरुष और तीसरे लिंग के 17 लोग शामिल हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। चुनाव अलग-अलग रंगों वाले मतपत्रों के माध्यम से हो रहे हैं - वार्ड सदस्यों के लिए सफेद, उप-प्रधानों के लिए पीला, प्रधानों के लिए हरा, पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्यों के लिए नीला। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चंबा के तिस्सा ब्लॉक के समवाल पंचायत के वार्ड नंबर दो के चुनाव 30 मई को होंगे। इस चुनाव को नियमों के उल्लंघन के कारण स्थगित कर दिए गया था।

अनुराग ठाकुर ने किया मतदान

पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ समीरपुर में अपना वोट डाला और लोगों से पंचायत चुनावों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज एक ऐसे लोकतंत्र में अपार महत्व रखता है, जिसमें 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिन्होंने पिछले कुछ वर्षों में ग्रामीण स्तर पर असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है।

उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि नव निर्वाचित प्रतिनिधि विकास का एक नया अध्याय लिखेंगे। ठाकुर ने कहा, "रुझान भाजपा के पक्ष में और मौजूदा सरकार के खिलाफ हैं। लोग चुनावों को राज्य सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा निकालने के मंच के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।"

कब आएगा परिणाम?

ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों और चार नगर निगमों को छोड़कर, जिनके परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे, बाकी सभी चुनावों के लिए मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती शुरू कर दी गई है। पंचायत चुनावों में 10,854 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। तीन चरणों में होने वाले चुनावों में लगभग 50.89 लाख मतदाता मतदान करने के पात्र हैं, जिनमें 31,182 जन प्रतिनिधियों, 3,754 प्रधानों, 3,754 उप-प्रधानों, 21,654 वार्ड सदस्यों, 1,769 पंचायत समिति सदस्यों और 251 जिला परिषद सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article